नई दिल्ली,
शेयर बाजार में कई ऐसे मल्टीबैगर स्टॉक हैं, जिन्होंने अपने निवेशकों को ताबड़तोड़ कमाई कराई है. 2023 की शुरुआत से अब तक करीब 17 दिनों के टाइम पीरियड को देखें तो श्रीराम एसेट मैनेजमेंट कंपनी का स्टॉक इस साल का पहला मल्टीबैगर शेयर साबित हुआ है. इसने अपने इन्वेस्टर्स का पैसा महज 11 दिन में ही लगभग डबल कर दिया. इसमें बीते तीन सप्ताह से जोरदार तेजी देखने को मिली है.
232 रुपये पर पहुंच गया भाव
श्रीराम एसेट मैनेजमेंट कंपनी के शेयरों में अपने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है. बीते कारोबारी दिन सोमवार को इस स्टॉक की कीमत करीब 10 फीसदी बढ़कर 231.90 रुपये के स्तर पर पहुंच गई. इस उछाल के साथ ही कंपनी का शेयर साल 2023 का पहला मल्टीबैगर स्टॉक बन गया. हालांकि, मंगलवार को शेयर बाजार में कारोबार के दौरान बीएसई पर श्रीराम एएमसी का शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहा है. खबर लिखे जाने तक ये करीब 5 फीसदी की गिरावट के साथ 220. 35 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.
इस साल अब तक दिया 110% रिटर्न
मंगलवार की गिरावट को छोड़ दें तो बीते महज 11 दिनों में इस स्टॉक ने अपने इन्वेस्टर्स के पैसों को डबल करने का काम किया है. इस दौरान इस शेयर ने 110 फीसदी रिटर्न दिया है. गौरतलब है कि मल्टीबैगर स्टॉक के रूप में उस शेयर को जाना जाता है, जो एक तय अवधि में अपने इन्वेस्टर्स को 100 फीसदी या ज्यादा का रिटर्न देता है. श्रीराम एसेट मैनेजमेंट कंपनी का स्टॉक भी ऐसा ही साबित हुआ है.
1 जनवरी को ये थी शेयर की कीमत
श्रीराम एसेट मैनेजमेंट कंपनी Shriram Group का हिस्सा है और श्रीराम म्यूचुअल फंड के नाम से कारोबार करती है.कंपनी के स्टॉक की चाल देखें तो इस साल की शुरुआत में यानी 1 जनवरी 2023 को इसका भाव 110.15 रुपये पर था, जो 16 जनवरी को 231.90 रुपये के लेवल पर पहुंच गया. इस हिसाब से देखें तो जिन निवेशकों ने इसमें 1 लाख रुपये का निवेश किया होगा, उनका पैसा इस अवधि में ही डबल से भी ज्यादा मतलब 2 लाख रुपये से अधिक हो गया होगा.
Sensex-Nifty में जबरदस्त तेजी
सप्ताह के पहले दिन Stock Market लाल निशान पर बंद हुआ था और सेंसेक्स में 168 अंकों की गिरावट देखने को मिली थी. वहीं मंगलवार की बात करें तो खबर लिखे जाने तक बीएसई का Sensex 0.65% या 390 अंक चढ़कर 60,482.99 के लेवल पर कारोबार कर रहा था. वहीं एनएसई का Nifty इंडेक्स 0.59% या 105.70 अंकों की तेजी लेते हुए 18,000.55 के स्तर पर ट्रेज कर रहा था.
