नई दिल्ली,
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का कहना है कि सरकार के कहने पर बैंक और LIC निवेश नहीं करते हैं. इसलिए अडानी मामले में सरकार की कोई भूमिका नहीं है. जहां तक देश की अर्थव्यवस्था की बात है तो दुनिया देख रही है कि इस संकट के दौर में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है. ‘बजट आजतक’ कार्यक्रम में निर्मला सीतारमण ने कहा कि आरोप लगाना आसान है. सोशल स्कीम्स का फंड घटाया नहीं गया है. डिमांड से हिसाब से फंड का निर्धारण किया गया है. पीएम आवास योजना में फंड 66 फीसदी बढ़ाया गया है. क्या इसका फायदा सबको नहीं मिलेगा?
चुनावी बजट का आरोप गलत
इसके अलावा उन्होंने कहा कि बजट को ‘चुनावी बजट’ का रंग देना गलत होगा. विरोध करने वाले तो करते रहेंगे, ‘कुछ करो तो गलत है, कुछ नहीं करो तो गलत,’. इसे चुनावी बजट कैसे कह सकते हैं. पिछले साल भी घर बना था, इस साल भी घर बनेगा. सही जगह पर खर्च करना सही बजट कहलाता है. अल्पसंख्यक आयोग के बजट में कटौती मंत्रालय की सिफारिश के बाद किया गया है. लेकिन इसका योजनाओं पर असर नहीं पड़ने वाला है.
अडानी के मसले पर वित्त मंत्री ने कहा कि अब तक सभी के बयान आ चुके हैं. LIC और SBI दोनों सफाई दे चुके हैं, जो सबके सामने हैं. सरकार कभी नहीं कहती है कि एलआईसी कहां निवेश करे. बैंक भी खुद फैसला लेता है. अगर कहीं प्राइवेट बैंक निवेश नहीं कर रहा है तो ये उनका फैसला है. जहां तक सरकारी बैंकों का क्या हाल है, तो इसके लिए SBI की तिमाही रिजल्ट को देख सकते हैं. मुनाफा बढ़ रहा है, NPA का कम हो रहा है.
अडानी मसले पर सबकुछ पब्लिक में
उन्होंने कहा कि अडानी मसले पर सेबी अपना काम कर रही है. पिछले दिनों बयान भी जारी हो चुका है. सरकार की इसमें कोई भूमिका नहीं है. बेवजह शेयर बाजार में दबाव नहीं बना सकते. अगर कोई रेगुलेटरी लगातार बाजार को कहे कि ये अच्छा हुआ, ये खराब हुआ तो फिर इससे बाजार की चाल पर असर पड़ता है. समय के साथ एजेंसी काम कर रही है. आरबीआई का भी अडानी मामले पर बयान आ चुका है इसलिए इसपर ज्यादा कुछ कहने को नहीं है.
महंगाई को काबू में करने की कोशिश कर रहे हैं. महंगाई दर जब पिछले महीने अचानक गिरकर 5.8 फीसदी पर पहुंच गई तो इससे सब चौंक गए. जहां तक रोजगार की बात है तो स्किल पर जोर दिया जा रहा है. इंफ्रा पर पैसे खर्च किए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर रोजगार से जुड़ा है. किसान के लिए कई कदम उठाए गए हैं, किसानों की बिजली खर्च को कम करने के लिए सौर ऊर्जा की व्यवस्था कराई गई है. किसानों की आय दोगुनी करने का जो वादा किया है, उसे जरूर पूरा करें.
