नई दिल्ली ,
बजट एयरलाइंस के आगाज के बाद से भारत में हवाई यात्रियों की संख्या में लगातार तेजी आ रही है. कोविड-19 के दौरान लॉकडाउन और दूसरे प्रतिबंधों की वजह से इनमें कमी आने के बाद बीते साल एयर पैसेंजर्स की संख्या में अच्छा खासा इजाफा हुआ है. कभी देश में हवाई सफर ज्यादातर लोगों के लिए एक सपने की तरह था, लेकिन अब ये जरुरत बन गया है और बड़ी आबादी की पहुंच में आ गया है. इसके असर से बीते साल यानी 2023 में 3 करोड़ भारतीयों ने पहली बार हवाई सफर किया जबकि बीते साल देश में कुल हवाई यात्रियों की 15.2 करोड़ थी. ये 2019 के 14.4 करोड़ के पिछले रिकॉर्ड से करीब साढ़े 5 परसेंट ज्यादा है.
पहली बार इतनी बढ़ी हवाई यात्रियों की संख्या
पहली बार हवाई सफर करने वालों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी के बार में अलग-अलग एयरलाइंस की रिपोर्ट सामने आई हैं. देश की सबसे बड़े एयरलाइन इंडिगो के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में हर साल पहली बार हवाई यात्रा करने वाले लोगों की तादाद 37 फीसदी की दर से बढ़ रही है. वहीं अकासा के मुताबिक पिछले साल इस एयरलाइन में सफर करने वाले यात्रियों में 10 परसेंट पहली बार हवाई सफर करने वाले यात्री थे .
यात्रियों की औसत उम्र में गिरावट
अकासा का अनुमान है कि 2024 में विमान से सफर करने वाले लोगों में 15 फीसदी यात्री पहली बार सफर करने वाले होंगे. अकासा की रिपोर्ट में एक दिलचस्प बात ये भी सामने आई है कि हवाई यात्रियों की औसत उम्र अब 10 साल घट गई है.
क्यों बढ़ रही हवाई यात्रियों की संख्या
अकासा का अनुमान है कि इस साल करीब साढ़े 15 करोड़ लोग हवाई सफर करेंगे, जिनमें से ढाई करोड़ लोग पहली बार हवाई यात्रा का अनुभव लेंगे. आखिर क्यों देश में हवाई यात्रियों और खासकर पहली बार प्लेन में सफर करने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इसकी वजह है लोगों की पारिवारिक आय बढ़ना और तेजी से नए रूट और नए एयरपोर्ट तैयार होना है. मिडिल क्लास लोगों में वीकेंड वेकेशन मनाने का ट्रेंड बढ़ना.
नई ऊंचाई पर पहुंच सकता है यात्रियों की संख्या
यानी नए रुट्स और नए एयरपोर्ट्स इस ट्रेंड को बढ़ाने में मददगार साबित हो रहे हैं. इससे छोटे शहरों के यात्रियों को भी एयरपोर्ट तक आसान पहुंच मिल गई है. जैसे-जैसे नए रूट खुल रहे हैं, यात्रियों की संख्या बढ़ रही है. यानी इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के साथ ही देश में हवाई सफर एक नई ऊंचाई पर पहुंच सकता है. जेवर में बनाए जा रहे नए एयरपोर्ट के शुरु होने के बाद भी हवाई यात्रियों की तादाद में खासी बढ़ोतरी होने का अनुमान है.
