भोजपुरी सुपरस्टार अक्षरा सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक्ट्रेस नंग पांव मैदान छोड़ भागती नजर आ रही हैं। यह वीडियो बेतिया का बताया जा रहा है, जहां अक्षरा सिंह एक रोड शो करने पहुंची थी। एक्ट्रेस भीड़ के डर से इस कदर परेशान हैं कि उन्हें चप्पल पहनने का मौका भी नहीं मिला। वायरल हो रहे वीडियो में अक्षरा स्कूटी पर खाली पैर बैठी अपना चेहरा छिपाकर भागती नजर आईं। आइये आपको बताते हैं कि आखिर क्या है इस पूरे वीडियो की सच्चाई।
दरअसल अक्षरा सिंह बिहार के बेतिया में नगर निगम प्रत्याशी गरिमा सिकारिया की तरफ से रोड शो कर रही थी। इस दौरान उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को बेकाबू होता देख अक्षरा सिंह ने वहां से नौ दो ग्यारह होना सही समझा। हालांकि वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि स्कूटी से भागने के बावजूद भीड़ उनका पीछा कर रही है।
भोजपुरी फैंस की दिवानगी
भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह की फैन फॉलोइंग काफी ज्यादा है। एक्ट्रेस को अपने गढ़ में देख फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एकाएक रैली में बड़ी संख्या में लोग इक्ट्ठा हो गए। सभी एक्ट्रेस के साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में अक्षरा को वहां सुरक्षित महसुस नहीं हुआ और उन्होंने तुरंत भागना ही सही समझा। अक्षरा को स्कूटी पर बिठाकर भगाने वाला शख्स कोई और नहीं बल्कि नगर निगम प्रत्याशी गरिमा सिकारिया के पति रोहित सिकारिया हैं।
दुपट्टे से छिपाया चेहरा
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में एक्ट्रेस अपना चेहरा छिपाने की कोशिश भी कर रही हैं। लेकिन बेकाबू भीड़ उनका पीछा करना नहीं छोड़ती नजर आई। पुलिस की मौजुदगी में ऐसी हरकत सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल उठाती है।
