नई दिल्ली,
ऐसे साल में जब पूरी दुनिया में AI का बोलबाला रहा. देश-दुनिया की हर बड़ी टेक कंपनी इसमें हाथ आजमा रही थी. इस बीच 2023 में ही दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने एआई में अरबों डॉलर निवेश किया.
नडेला के नेतृत्व में विंडोज की सफलता को भुनाने के बाद एक बार फिर टेक इनोवेटर के तौर पर माइक्रोसॉफ्ट उभर रहा है. इसी का नतीजा है कि इस साल अमेरिकी शेयर बाजार में माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में 55 फीसदी का उछाल आया है.ऐसे में सीएनएन बिजनेस स्टाफ ने नडेला को ‘सीईओ ऑफ द ईयर’ चुना है. वह ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन, चेस के सीईओ जेमी डिमोन और NVIDIA के सीईओ जेन्सेन हुआंग को पछाड़कर यह खिताब हासिल किया है.
यह साल AI का था
नडेला ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि 2023 AI का साल था. हम अब सिर्फ इनोवेशन की बातें नहीं कर रहे हैं. हमारे सामने नए-नए प्रोडक्ट ईजाद हो रहे हैं और दुनियाभर में लोकप्रिय भी हो रहे हैं. लेकिन यह इनोवेशन तभी कारगर साबित होगा, जब ये हमारे करियर में हमें सशक्त करें. हमारे देशों और हमारे समुदायों के काम आएं.बता दें कि 2018 से ही सीएनएन बिजनेस टीम हर साल के अंत में बिजनेस से जुड़े एक ऐसे शख्स का चुनाव करती है, जिसने उस साल वैश्विक पटल पर बेहतरीन काम किया है.
