लखनऊ
लखनऊ में देर रात से हो रही बारिश के बाद यहां कई इलाकों में जलभराव की समस्या प्रकट हो गई। रात भर की बारिश ने लखनऊ नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी है। राजधानी में जगह-जगह जलजमाव की समस्या के साथ ही कई इलाकों में रातभर से बिजली गुल की शिकायत भी सामने आयी हैं। बारिश के कारण लखनऊ के पकरी पुल, फैजुल्लागंज, जानकीपुरम विस्तार, इस्माइलगंज, आलमबाग, अलीगंज, विकासनगर, ठाकुरगंज, गोमती नगर विस्तार और पारा समेत कई इलाकों में सड़कों पर जबरदस्त तरीके से पानी भर गया। इस दौरान लोगों को कहना है कि वह नगर निगम के जिम्मेदारों को फोन करते रहे, लेकिन कोई तत्काल मदद नहीं मिल पाई। हालांकि तड़के तीन बजे से कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब और नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह समेत तमाम बड़े अधिकारी शहर के भ्रमण पर निकल पड़े हैं।
तेज बारिश के चलते कई इलाकों में घरों के अंदर पानी भर गया। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपने घर के अंदर के सामान के पानी में डूबे होने और तैरने का वीडियो शेयर किया है। कई इलाकों में हालात इतने बद्तर दिखे कि वहां कार छोड़िए लोग पैदल निकलने से भी कतराते नजर आए। ऐसे में लोगों में लखनऊ नगर निगम की तैयारियो को लेकर खासा गुस्सा दिखा। कई लोगों ने ट्विटर पर अपने इलाके की समस्या को दिखाते हुए लखनऊ नगर निगम की तैयारियों पर तंज कसा है। लोगों का कहना है कि इस बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी है। इस बीच प्रशासन की तरफ से लोगों को कई सलाह दी गई हैं। वहीं दिशा निर्देश के साथ-साथ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
लगातार भारी बारिश के देखते हुए लखनऊ के लोगों के लिए जारी कुछ जरूरी दिशा निर्देश
17 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है, इसको देखते हुए सभी लोग पूरी सावधानी बरतें। पुराने जर्जर भवनों से सावधान रहें। अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। भीड़ भाड़ वाले और ट्रैफिक जाम वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। खुले सीवर, बिजली के तार और खम्भों से बच कर रहें।
किसी भी समस्या या जलभराव, पेड़ गिरने की घटना के लेकर इस नंबर पर करें संपर्क
9151055671
9151055672
9151055673
Toll free 1533
जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर और विशेष दिशा निर्देश
इसके अलावा बिजली ब्रेकडाउन आदि की समस्या को लेकर हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। पीने के पानी को उबाल कर पिएं। नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से ब्लीचिंग पाउडर और क्लोरीन की गोलियां ले लें। किसी भी चिकित्सीय आपातकाल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ कंट्रोल रूम 0522-2622080 पर सम्पर्क करें। अन्य किसी समस्या के लिए इंट्रीग्रेटेड कंट्रोल कमाण्ड सेंटर के नंबर 0522- 4523000 पर समस्या दर्ज कराएं।
प्रशासन ने समस्त राजकीय चिकित्सालय, पीएचसी और सीएचसी, सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। ट्रामा मैनेजमेंट, सर्पदंश, बिजली के झटके और जल जनित रोगों के उपचार की व्यवस्था अपने चिकित्सालयों पर सुनिश्चित करने, आकस्मिक सेवाओं में तैनात अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित रहने। सभी जरूरी दबा इत्यादि की व्यवस्था, एंबुलेंस वाहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इमरजेंसी सर्विसेस पूरे टाइम रहेगी चालू
प्राइवेट कार्यालयों के कार्यालय अध्यक्ष / सक्षम अधिकारी को अपने स्तर से अवकाश घोषित करने के संबंध में उचित निर्णय लेने की सलाह दी गई है।
