भोपाल
मध्यप्रदेश पुलिस के एडीजी (ट्रेनिंग) राजाबाबू सिंह के साथ उनके त्रिलंगा स्थित निवास पर अभद्रता और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार तड़के हुई इस घटना के बाद एडीजी ने बुधवार को पुलिस कमिश्नर और डीजीपी को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में अपनी जान को खतरा होने का भी अंदेशा जताया है। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सीसीटीवी में दिखे डंडा लिए युवक
घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तड़के कार से आए कुछ युवक एडीजी के घर के बाहर गाली-गलौज करते और डंडा लहराते नजर आ रहे हैं। शाहपुरा थाना प्रभारी संतोष मरकाम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नाम नितेश चौरसिया और रुद्राक्ष यादव हैं, जो भोपाल के ही निवासी हैं और निजी नौकरी करते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि वे गलती से गलत पते पर पहुंच गए थे और इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस फिलहाल उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
वैचारिक प्रयोगों से जोड़कर भी हो रही जांच
बता दें कि एडीजी राजाबाबू सिंह हाल ही में पुलिस ट्रेनिंग में किए गए अपने नवाचारों को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने ट्रेनिंग सेंटरों में ‘रामचरितमानस’ के पाठ और ‘दक्षिणामूर्ति स्तोत्र’ से दिन की शुरुआत करने के निर्देश दिए थे। साथ ही उन्होंने मदरसा छात्रों को कुरान के साथ गीता पढ़ने की सलाह भी दी थी। उनके इन वैचारिक प्रयोगों के कारण प्रशासनिक गलियारों में पहले से ही बहस छिड़ी हुई थी। पुलिस अब इस कोण से भी जांच कर रही है कि कहीं इन बदलावों से उपजी नाराजगी के चलते तो यह वारदात नहीं हुई।
Read Also :- बीएचईएल देश के विकास की आधारशिला — केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी
