भोपाल। राजधानी की हबीबगंज थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की दो अलग-अलग वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर एक शातिर चोर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए आंकी गई है। जब्त सामान में एलईडी टीवी, लैपटॉप, चांदी के जेवर और अन्य घरेलू कीमती सामान शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली वारदात शिवाजी नगर इलाके में हुई थी। यहां की निवासी रुचि बेलवंशी बीते 20 जनवरी को अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने छिंदवाड़ा गई थीं। जब वे 23 फरवरी को वापस भोपाल लौटीं, तो उनके घर का ताला टूटा हुआ मिला। अज्ञात चोर घर के अंदर से एलजी कंपनी की एलईडी टीवी, चांदी की पायल और तांबे का कलश समेट ले गया था। शिकायत पर हबीबगंज पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। वहीं, दूसरी वारदात कल्याणी वर्किंग वुमेन हॉस्टल में सामने आई थी, जहां रहने वाली ऋतु त्रिवेदी के कमरे का ताला चटकाकर चोर उनका कीमती लैपटॉप चोरी कर ले गया था।
बैक टु बैकहुई इन चोरियों के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था। जांच टीम ने दोनों घटनास्थलों और उसके आसपास के रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे पुलिस को एक संदिग्ध युवक का सुराग मिला। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से पक्का इनपुट मिला कि फुटेज में दिख रहा संदिग्ध युवक 5 नंबर स्थित वाइन शॉप के पास किसी काम से खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को कस्टडी में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने दोनों ही स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देना कुबूल कर लिया। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान आर्यन चौहान उर्फ अनिकेत उर्फ डागी (22 वर्ष), निवासी अर्जुन नगर, भोपाल के रूप में हुई है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 2 लाख रुपए मूल्य की एलईडी टीवी, लैपटॉप और चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और उससे शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
