दिसपुर
राजस्थान में अभी बगावत से कांग्रेस जूझ रही है। इस बीच असम से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जो पार्टी की परेशानी और बढ़ाने वाला है। इस वीडियो में एक मीटिंग के दौरान कुछ पार्टी कार्यकर्ता तकरार करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह मीटिंग राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के संबंध में रखी गई थी। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा एक नवंबर को असम में प्रवेश करने वाली है।
असम के धुबरी में हो रही थी मीटिंग
एक तरफ राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पार्टी का बेस मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। वहीं उनकी पार्टी के ही नेता अलग-अलग राज्यों में उनके मिशन की हवा निकालने का मंसूबा बनाए हुए हैं। जानकारी के मुताबिक यह मीटिंग असम के धुबरी में हो रही थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं के एक गुट ने धुबरी यूनिट प्रेसीडेंट के ऊपर कुछ आरोप लगाए। इसके बाद वहां पर विवाद की स्थिति बन गई।
समाचार एजेंसी एनएनआई इस वाकए का वीडियो भी ट्वीट किया हुआ है। इसमें दोनों पक्ष आपस में उलझते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ वरिष्ठ नेताओं को शारीरिक रूप से भी निशाना बनाने की कोशिश की गई। बहरहाल, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के लिए यह घटना चिंता का विषय हो सकती है।
