वॉशिंगटन
सोशल मीडिया पर अमेरिका का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सैन एंटोनियो में एक पुलिसकर्मी कार में बैठे लड़के पर फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है। लड़का कार में बैठकर बर्गर खा रहा था। इस दौरान पुलिस खड़ी गाड़ी का दरवाजा खोलने की कोशिश करता है और वह लड़के को बाहर निकलने के लिए कहता है। इसके बाद जब लड़का वजह पूछता है तो पुलिसवाला उस पर फायरिंग शुरू कर देता है।
यह वीडियो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और हेल्थकेयर एडवोकेट केंडल ब्राउन ने ट्वीट किया था। हालांकि, ‘लाइव हिन्दुस्तान’ स्वतंत्र रूप से वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस द्वारा गोलीबारी करने के बाद लड़का गाड़ी से वहां से भाग जाता है। न्यूज एजेंसी ‘एपी’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 2 अक्टूबर की है, जिसके बाद पुलिस अधिकारी जेम्स ब्रेनेंड को बर्खास्त कर दिया गया था।
https://twitter.com/i/status/1578397658611388417
17 वर्षीय लड़का घटना में हुआ घायल
पुलिस प्रशिक्षण कमांडर एलिसा कैम्पोस के हवाले से बताया गया कि यह घटना एक फास्ट फूड रेस्तरां की पार्किंग में हुई। गोलीबारी की चपेट में आया 17 वर्षीय एरिक कांटू घायल हो गया है। पीड़ित पास के एक अस्पताल में भर्ती है, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पूरे मामले की जांच जारी
बेक्सर काउंटी के जिला अटॉर्नी जो गोंजालेस ने कहा, “सैन एंटोनियो के एक पुलिस अधिकारी द्वारा एक निहत्थे लड़के की गोली मारने की घटना की जांच की जा रही है। वहीं, अब तक जो सबूत और तथ्य मिले हैं, उसके हिसाब से लड़के की कोई गलती नहीं दिख रही।” वहीं, पुलिस प्रमुख विलियम मैकमैनस ने इस मामले में कहा कि उस रात उस पुलिस अधिकारी के कार्यों का बचाव में मैं कुछ भी नहीं कह सकता। मैं फायरिंग को सही नहीं ठहरा सकता।
