मेलबर्न
पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच में भारत से हार मिली। आखिरी गेंद तक गए मुकाबले को टीम इंडिया ने 4 विकेट से अपने नाम किया। रोमांच से भरे आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 16 रन बनाए थे। पहले गेंद पर हार्दिक पंड्या आउट हो गए लेकिन इसके बाद विराट कोहली ने दिनेश कार्तिक और रविचंद्रन अश्विन के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। पाकिस्तान इस हार को नहीं पचा पा रहा है।
नासिर हुसैन के नाम से नापाक हरकत
भारत से हारने के बाद पाकिस्तानी लगातार अंपायर पर निशाना साध रहे हैं। लेकिन इसके लिए वह इतने नीचे गिर गए कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन के नाम का इस्तेमाल करने लगे। पाकिस्तान के कई ट्विटर हैंडल ने लिखा, ‘अंपायरों ने आज भारत के पक्ष में कुछ अजीब फैसला दिए लेकिन शायद हमें चुप रहना चाहिए और आईसीसी और बीसीसीआई को अपसेट नहीं करना चाहिए।
इंग्लिश कप्तान ने लगाई लंका
अपने नाम से गलत बयान वायरल होते देखकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन से नहीं रहा गया। उन्होंने ट्विटर पर पाकिस्तानियों की लंका लगा दी। उन्होंने ऐसे ही एक पोस्ट के कमेंट में लिखा, ‘सबसे अच्छा होगा कि आप इसे डिलीट कर दें… यह एक फेक न्यूज और फेक कोट है। वह ऐसा है जो आज का बेहतरीन मैच डिजर्व नहीं करता है!! धन्यवाद।’
लगातार अंपायर पर उठा रहे उंगली
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर से लेकर क्रिकेट फैंस तक लगातार अंपायरिंग पर सवाल उठा रहे हैं। उनके अनुसार आखिरी ओवर में दिया गया नो-बॉल का फैसला गलत था। इसके साथ ही फ्री हिट पर बोल्ड होने के बाद विराट कोहली के दौड़े गए तीन रन को भी वह गलत मानते हैं। शोएब अख्तर ने भी अंपायर पर निशाना साधा है।
