नई दिल्ली
ट्विटर का मालिक बनते ही दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने बड़ा एक्शन लिया है। इस पूरी डील पर नजर बनाए रखने वाले व्यक्ति के अनुसार एलन मस्क के हाथ में ट्विटर की कमान आने के बाद कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल को बाहर निकाल दिया गया है। हालांकि, इस पूरे मसले पर ट्विटर की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बता दें, अगर पराग अग्रवाल कंपनी से निकाले जाते हैं तो ट्विटर को उन्हें भारी रकम चुकानी होगी।
एलन मस्क, पराग अग्रवाल को देंगे इतने पैसे?
जब भी कोई व्यक्ति किसी बड़ी कंपनी का सीईओ बनता है तो उसे सैलरी के अलावा कंपनी के कुछ शेयर भी दिए जाते हैं। ऐसे में अगर एलन मस्क, पराग अग्रवाल को ट्विटर से बाहर से निकालते हैं तो उनके सभी शेयरहोल्डिंग का भुगतान कंपनी को करना होगा। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार के पराग अग्रवाल को करीब 42 मिलियन डॉलर (346 करोड़ रुपये) का भुगतान किया जाएगा।
पराग अग्रवाल के अलावा ये लोग ट्विटर से जाएंगे बाहर!
नाम ना छापने की शर्त पर इस डील पर नजर रखने वाले व्यक्ति ने बताया कि एलन मस्क के मालिक बनने के बाद पराग अग्रवाल के अलावा कई बड़े अधिकारियों के खिलाफ भी एक्शन लिया गया है। लीगल, पॉलिसी और ट्रस्ट हेड विजया गाड्डे, चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर नेड सेगल, 2012 से ट्विटर के जनरल काउंसल रहे सीन एडगेट को भी बाहर निकाल दिया गया है।
