अहमदाबाद
गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखें अभी घोषित नहीं हुई हैं लेकिन पार्टियों के बीच उठा-पटक जारी है। इस बार मुकाबला आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच बताया जा रहा है। इसी बीच रविवार को गुजरात की सियासत में दो बड़े धमाके होने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पाटीदार आंदोलन के गब्बर कहे जाने वाले अल्पेश कथीरिया और धार्मिक मालविया गरियाधार की सभा में आम आदमी पार्टी जॉइन करेंगे। दोनों युवा नेता हैं और गुजरात के युवाओं में अच्छी लोकप्रियता है।
विधानसभा चुनाव से पहले गुजरात में कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। पाटीदार आंदोलन से उभरे नेता हार्दिक पटेल पहले ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए हैं। वह बीते कई दिनों से कोशशि कर रहे थे कि उनके साथी और आंदोलन का दूसरा चेहरा अल्पेश कथीरिया भी बीजेपी में आ जाएं लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
PAAS संयोजक हैं अल्पेश कथिरिया
हार्दिक पटेल के दोस्त PAAS संयोजक अल्पेश कथिरिया पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता हैं। वह हार्दिक पटेल के साथ इस आंदोलन में शामिल हुए थे। हार्दिक पटेल के बाद अल्पेश कथिरिया का चेहरा पाटीदार आरक्षण आंदोलन के मुख्य नेता के रूप में देखा जाने लगा था।
हार्दिक पटेल के साथ का चेहरा अल्पेश
2017 में पाटीदार आंदोलन के चलते बीजेपी को बड़ा नुकसान हुआ था। पार्टी को राज्य में महज 99 सीटें मिली थीं। अल्पेश कथिरिया को दक्षिण गुजरात में पाटीदारों का मजबूत नेता माना जाता है। इससे पहले अल्पेश की बीजेपी के साथ बैठक हुई थी लेकिन बात नहीं बनी। बताया जा रहा है कि अब आप में शामिल होने के बाद उन्हें अरविंद केजरीवाल पार्टी से उम्मीदवार भी बना सकते हैं।
कौन हैं धार्मिक मालवीय?
वहीं धार्मिक मालवीय का चेहरा भी पाटीदार आंदोलन से ही उभरा था। सूरत नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने धार्मिक मालवीय को लास्ट मौके पर उनके साथी संजयभाई की पत्नी को टिकट नहीं दिया था। वह नाचते गाते नामांकन तक के लिए पहुंच गए थे लेकिन जब टिकट न मिलने की बात पता चली तो कांग्रेस से खफा हो गए और बाद में कांग्रेस की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।
