नई दिल्ली
छठ पूजा के समय दिल्ली में यमुना में गंदगी का मुद्दा अचानक चर्चा में आ जाता है। कुछ घंटे पहले एक वीडियो सामने आया जिसमें भाजपा सांसद प्रवेश सिंह वर्मा एंटी-फोगिंग केमिकल के इस्तेमाल पर अधिकारी पर भड़के दिखाई दिए। बाद में, दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी ने पुलिस से पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और भाजपा नेता तजिंदर सिंह बग्गा के खिलाफ कथित तौर पर धमकाने की शिकायत की। भाजपा सांसद ने अधिकारी से यमुना के पानी में डुबकी लगाने की चुनौती दी थी। पूरा विवाद उस केमिकल के इस्तेमाल को लेकर था जिसे यमुना में झाग हटाने के लिए छिड़का जा रहा था। आज दिल्ली जलबोर्ड के डायरेक्टर संजय शर्मा ने यमुना के उसी पानी से स्नान किया। कैमरे के सामने वह मग से पानी लेकर नहाते दिखे। वायरल वीडियो में लोग तालियां बजाकर जय छठी मइया कहते सुने जा सकते हैं। शर्मा ने दावा किया कि यमुना का पानी नहाने लायक है।
इससे पहले DJB के उपचार गुणवत्ता नियंत्रण निदेशक संजय शर्मा ने कालिंदी कुंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। शर्मा की शिकायत के अनुसार, ‘सांसद प्रवेश वर्मा ने बहुत अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मेरे साथ दुर्व्यवहार किया। वह यह झूठा प्रचार भी कर रहे हैं कि मैं डीजेबी के अधिकारियों के साथ मिलकर यमुना नदी के पानी में जहर घोल रहा हूं।’ शिकायत में कहा गया है कि ‘एंटी-फोमिंग’ पदार्थ के स्प्रे को डीजेबी की ओर से मंजूरी ली गई है और केंद्रीय जल मंत्रालय के तहत स्वच्छ गंगा पर राष्ट्रीय मिशन द्वारा भी सिफारिश की गई है। शर्मा ने दावा किया कि वर्मा ने बग्गा और अपने कुछ सहयोगियों के साथ उन्हें उनकी ड्यूटी करने से रोका और धमकी दी।
आज सारी मीडिया के सामने दिल्ली सरकार DJB के डाइरेक्टरी क्वालिटी – संजय शर्मा ने यमुना जी के पानी से स्नान किया। बताया पानी नहाने के लिए बिल्कुल सुरक्षित।
छठी मैया की जय ! pic.twitter.com/mELDZ0fMbs
— Saurabh Bharadwaj (@Saurabh_MLAgk) October 30, 2022
आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, ‘आज सारी मीडिया के सामने दिल्ली सरकार DJB के डाइरेक्टर क्वालिटी संजय शर्मा ने यमुना जी के पानी से स्नान किया। बताया पानी नहाने के लिए बिल्कुल सुरक्षित।’ उन्होंने आगे लिखा- छठी मैया की जय।
दरअसल, शुक्रवार को बीजेपी सांसद परवेश वर्मा ने जल बोर्ड के अधिकारी संजय शर्मा को फटकार लगाते हुए यमुना के पानी में नहाने की चुनौती दी थी. इतना ही नहीं, बीजेपी की ओर से लगातार आरोप लगाया जा रहा है कि यमुना में झाग को हटाने के लिए ज़हरीले रासायन का छिड़काव किया जा रहा है.संजय शर्मा ने स्नान करने के बाद कहा कि पानी का BOD लेवल 12-13 है. जबकि TSS 20 के नीचे है, फास्फेट 0.1 और डिसोल्वड ऑक्सीजन 7.0 से ज़्यादा है. यमुना नदी का पानी स्वच्छ है. लोग बेझिझक होकर यहां डुबकी लगा सकते हैं.इससे पहले शनिवार को DJB अधिकारी संजय शर्मा ने BJP सांसद के खिलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
