अहमदाबाद
आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) गुजरात में कभी भी समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू नहीं करेगी। ‘आप’ ने उसके चुनावी वादे को ‘झूठा’ करार दिया है। बीजेपी ने गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया, जिसमें राज्य में सत्ता बरकरार रखने पर समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा किया गया है। इस पर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने प्रतिक्रिया दी है। गुजरात के लिए ‘आप’ के सह प्रभारी राघव चड्ढा ने समान नागरिक संहिता लागू करने के बीजेपी के वादे के बारे में पूछे जाने पर यहां संवाददाताओं से कहा कि बीजेपी ने 27 साल तक गुजरात पर शासन किया है। दो दशकों से अधिक समय तक सत्ता में रहने के बाद भी वह वादे कर रही है।
चड्ढा ने कहा, “अगर यह वास्तव में उनका इरादा था, तो उन्होंने इसे बहुत पहले लागू कर दिया होता।”राज्यसभा सदस्य ने पूछा उन्होंने इसे लागू क्यों नहीं किया? उन्होंने कहा, “यह एक झूठा वादा है। भाजपा इसे (समान नागरिक संहिता) कभी लागू नहीं करेगी।”गुजरात सरकार ने 29 अक्टूबर को घोषणा की कि वह यूसीसी को लागू करने के लिए एक समिति बनाएगी। अन्य भाजपा शासित राज्यों, जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड ने भी यूसीसी लागू करने का वादा किया है।
