मॉस्को
रूस के कैस्पियन सागर के तट पर करीब 2500 लुप्तप्राय सील मृत पाए गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में इसकी जानकारी दी गई है। कुछ शुरुआती रिपोर्ट्स में, 26 नवंबर को मृत सीलों की संख्या 700 बताई गई थी। लेकिन रूसी प्राकृतिक संसाधन और पर्यावरण मंत्रालय ने बाद में यह आंकड़ा बढ़ाकर करीब 2500 कर दिया। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि इन जीवों की मौत कैसे हुई लेकिन रूसी प्रांत दागेस्तान के अधिकारियों का कहना है कि इसके पीछे प्राकृतिक कारण हो सकते हैं।
डेलीस्टार की खबर के अनुसार, अधिकारियों का कहना है कि इस बात के कोई सबूत नहीं हैं कि इन जीवों की ‘हिंसक मौत’ हुई है। दागेस्तान क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधन और पर्यावरण मंत्रालय ने टेलीग्राम पर लिखा कि सुलक और शूरिंका नदियों के मुहाने पर बड़ी संख्या में सील पाई गई हैं। कैस्पियन सील एकमात्र स्तनधारी हैं जो रूस के लैंडलॉक कैस्पियन सागर की मूल निवासी हैं।
70 हजार तक कम हो सकती है आबादी
यह सील 2008 से IUCN की रेड लिस्ट में लुप्तप्राय जीव के रूप में वर्गीकृत है। बड़े पैमाने पर शिकार और औद्योगिक प्रदूषण की वजह से कैस्पियन सागर की सील आबादी में भारी कमी आई है। रूस की सरकारी फिशरीज एजेंसी का अनुमान है कि कैस्पियन सील की कुल संख्या 270,000-300,000 है। जबकि कैस्पियन पर्यावरण संरक्षण केंद्र के आंकड़े कहते हैं कि इनकी आबादी 70,000 तक कम हो सकती है।
100 साल पहले 10 लाख थी आबादी
ऐसा माना जाता है कि 1920 के दशक में विशाल सागर में करीब 10 लाख कैस्पियन सील रहती थीं। फेडरल फिशरीज एजेंसी के विशेषज्ञों ने समुद्र तट का निरीक्षण किया जहां सील पाई गईं और लैब रिसर्च के लिए नमूने इकट्ठे किए। तत्काल किसी प्रदूषक का पता नहीं चला है और अधिकारी आगे के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। कैस्पियन एनवायरनमेंटल प्रोटेक्शन सेंटर के प्रमुख जौर गैपिज़ोव ने एक बयान में कहा कि संभवतः सील की मौत दो हफ्ते पहले हो गई थी।
