भोपाल
तुमसे मिलके दिल का ये हाल क्या करें, मैं रमता जोगी, चल छैया-छैया जैसे मधुर गीतों की प्रस्तुति पर लोगों ने तालियों की गडगड़ाहट से शरद शर्मा का इस्तकबाल किया। मंच पर पहुंंचकर शर्मा ने जय श्रीराम के उद्घोष के बाद गानों की शुरुआत की। इस दौरान प्रीतम प्रीति लगाए के दूर देश मत जाना, जो सुरमा सो हो न जाए, वृंदावन के वृक्ष को मरम न जाने कोई जैसे गानों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कृष्णा गौर ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विशिष्ट अतिथि मेला संयोजक विकास वीरानी, अध्यक्ष सुनील यादव, महामंत्री हरीश कुमार राम, उपाध्यक्ष विरेंद्र तिवारी रहे। इस दौरान मेला परिसर में भारी भीड़ रही। बता दें कि अपनी आवाज और गायकी के जादू से पूरी दुनिया को चमत्कृत कर देने वाले रियलिटी शो सारेगामापा के फायनल में सेकंड रनरअप का खिताब जीतने वाले मध्य प्रदेश विदिशा जिले के गंजबासौदा के शरद शर्मा ने भेल दशहरा मैदान पर चल रहे भोजपाल महोत्सव मेले में प्रस्तुति दी।
जीवन में संघर्ष करते रहना चाहिये:
शरद शर्मा ने बताया कि 2011 में सारेगामापा लिटिल चैंप्स और 2020 में इंडियन आइडियल में पार्टिसिपेंट किया था। मेरे भाई हमेशा कहते हैं कि जीवन में संघर्ष करते रहना चाहिए। आप संघर्ष करेंगे तभी आपको सफलता मिलेगी। 11 साल तक घर पर रहकर ही मैंने संगीत की तैयारी की। जिसके बाद कई प्लेटफार्म पर ट्राई किया, लेकिन सिलेक्ट नहीं हुआ। भोपाल में रहकर भी संगीत सीखा। प्लेटफार्म से आउट होने के बाद लोग सोचते हैं कि हमारे अंदर कोई कमी है और सारी चीजें गिवअप कर देते हैं, लेकिन मैने कभी अपने काम को लेकर हार नहीं माना। मैं जब भी किसी चीज की प्रेक्टिस करता था तो यही सोचता था कि एक दिन जरूर कामयाब होऊंगा।
