भोपाल। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी ने शुक्रवार को अपने क्षेत्र की रोशनपुरा और वार्ड क्रमांक 29 स्थित राहुल नगर बस्ती का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक सबनानी ने सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का जायजा लिया। रोशनपुरा बस्ती के ग्वाल मोहल्ला, बापू की कुटिया के पीछे और गणेश मंदिर सहित विभिन्न तंग गलियों का पैदल भ्रमण कर उन्होंने स्थानीय निवासियों की शिकायतें सुनीं।
अपने विधायक को अचानक अपने द्वार पर पाकर क्षेत्रवासी अत्यंत प्रसन्न हुए और जगह-जगह उनका आत्मीय स्वागत किया गया। विधायक ने मौके पर ही मौजूद नगर निगम, पीडब्ल्यूडी (PWD) और बिजली कंपनी (MPEB) के अधिकारियों को जनता की समस्याओं की सूची सौंपते हुए उनके जल्द से जल्द और त्वरित निराकरण के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के अगले चरण में विधायक सबनानी वार्ड 29 की राहुल नगर बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंदिर की महिला भजन मंडली को ढोल, मंजीरा, झांझर सहित अन्य आवश्यक संगीत सामग्रियां भेंट कीं, जिससे महिलाओं में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान उन्होंने राहुल नगर के निवासियों से भी घर-घर जाकर मुलाकात की और उनकी समस्याओं को नोट किया।
इस महत्वपूर्ण जन-निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान विधानसभा प्रभारी राजू अनेजा, मंडल अध्यक्ष पारस नरवरिया, मंडल अध्यक्ष हेमंत बडगैया, महामंत्री पंकज त्रिपाठी, वरिष्ठ नेता संतोष ब्रह्मभट्ट, सरोज बाथम, ओम प्रकाश यादव, आशा रामोजी, हरीश यादव, रामगोपाल, रतिराम पाल, संजीव वर्मा, रेखा औरैया, रिंकी सिंह और राजवेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
