मुंबई
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले बुधवार को लोकसभा में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके बेटे आदित्य ठाकरे पर गंभीर आरोप लगाए गए। सुशांत सिंह मौत मामले में एक बार फिर से सियासी हलचल बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं। राहुल शेवाले ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के फोन पर एयू नाम से 44 फोन कॉल आए थे। बिहार पुलिस के मुताबिक ए यू का मतलब आदित्य और उद्धव था। लोकसभा में राहुल शेवाले के इस बयान के बाद महाराष्ट्र का सियासी पारा काफी गर्म हो चुका है। खास तौर पर एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे गुट के फिर से आमने-सामने आने के कयास लगाए जा रहे हैं। लोकसभा में राहुल शेवाले ने कई सवाल उठाये जैसे, सुशांत सिंह मौत मामले में सीबीआई (CBI) की जांच कहां तक पहुंची, क्या सीबीआई अपने अंतिम निष्कर्ष तक पहुंच चुकी है, सुशांत सिंह राजपूत के शरीर पर चोट के निशान कैसे थे? सुशांत सिंह राजपूत और उनकी पूर्व मैनेजर दिशा सालियान के बीच फोन पर हुई बातचीत की जांच हुई है क्या? इन तमाम सवालों पर से अभी भी पर्दा हट नहीं पाया है।
राहुल शेवाले ने यह सवाल भी उठाया कि 10 जून 2020 के दिन घर के बाहर आये थे क्या? उनका लैपटॉप और अन्य वस्तुएं किसी ने वहां से हटाई हैं क्या? इसके अलावा रिया चक्रवर्ती महाराष्ट्र के किसी बड़े नेता के संपर्क में थे, यह बात सच है क्या? इस मामले में एयू का नाम आया, रिया चक्रवर्ती को 44 कॉल आये थे। हालांकि, लीगल केस में एयू का मतलब अनन्या उदास कहते हैं। बिहार पुलिस की जांच में आदित्य और उद्धव ठाकरे का नाम आया था। इसलिए इस पूरे मामले की बारीकी से जांच होनी चाहिए।
ठाकरे गुट हुआ आक्रामक
लोकसभा में उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद ठाकरे गुट के सांसद काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से मांग कि ठाकरे परिवार पर लगाए गए आरोपों का संज्ञान न लिया जाए उसे सदन के कामकाज की लिस्ट में शामिल न किया जाए। ठाकरे खेमे के सांसदों की मांग को लोकसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया। इसलिए राहुल शेवाले के आरोपों को सदन की कार्यवाही से अलग कर लिया गया है। ठाकरे गुट के सांसद विधायक राउत ने कहा कि शिंदे गुट के एक सांसद ने लोकसभा में यह कहने का प्रयास किया कि दिशा सालियन और सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में आदित्य ठाकरे आरोपी हैं। हमने इस बात का सदन में विरोध किया है।
