जालंधर
राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 24 घंटे तक निलंबित रहने के बाद रविवार दोपहर फिर से शुरू हुई। जालंधर के खालसा कॉलेज मैदान से शुरू हुई यात्रा में गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी राहुल गांधी के साथ कुछ दूर तक चले। सिद्धू मूसेवाला की पिछले साल मई में पंजाब के मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, विधायक परगट सिंह और पार्टी के अन्य नेताओं ने भी भारत जोड़ो यात्रा में भाग लिया।
पंजाब के जोशीले दिवंगत कलाकार और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर मूसेवाला भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। बलकौर मूसेवाला ने आज भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर राहुल गांधी के साथ कदम मिलाए। यात्रा दोबारा शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने जालंधर में देवी तालाब मंदिर में पूजा-अर्चना की। देवी तालाब मंदिर भारत के 51 शक्तिपीठों में से एक है।
इससे पहले राहुल गांधी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, लोकसभा सांसद संतोख चौधरी की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। संतोख सिंह चौधरी के पंजाब के फिल्लौर में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। जालंधर में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कांग्रेस के कई नेता शामिल हुए।
