रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत के राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और आस्था का प्रमुख केंद्र है। अनेक आक्रमणों और विध्वंस के बावजूद मंदिर का बार-बार पुनर्निर्माण होना देशवासियों की अटूट श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा की कामना करते हुए भगवान सोमनाथ से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा के तहत छत्तीसगढ़ से 1000 से अधिक विशिष्टजन, पद्मश्री सम्मानित हस्तियां, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के सम्मान प्राप्त कलाकार, साहित्यकार और अन्य श्रद्धालु विशेष ट्रेन से गुजरात के सोमनाथ धाम के लिए रवाना हुए। यात्रा में शामिल श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के विभिन्न शिवालयों की पवित्र माटी तथा प्रदेश की पावन नदियों का जल कलश साथ लेकर गए हैं, जिन्हें भगवान सोमनाथ को अर्पित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्रीय स्मरणोत्सव मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिष्ठित कलाकार, साहित्यकार और सम्मानित नागरिक इस ऐतिहासिक यात्रा में सहभागी बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भारत के लौहपुरुष वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद उन्होंने राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रतीक के रूप में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था।
