अंकारा
आसमान में कई तरह की आकृति के बादल दिखाई देते हैं। इन बादलों में इंसान अलग-अलग आकृति देखता रहता है। कभी जानवर तो कभी कोई चीज इन बादलों की आकृति में दिखती है। अब तुर्की के आसमान में हैरान करने वाली घटना देखने को मिली है। यहां जब पूरा आसमान साफ था तो लोगों ने गोल आकृति में बादल को देखा है। इसकी आकृति किसी साइंस फिक्शन फिल्म के UFO की तरह दिख रही है। तुर्की के बुर्सा शहर में यह बादल देखने को मिला है।
द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक इस तरह की आकृति के बादल को एक लेंटीकुलर बादल (Lenticular Cloud) कहा जाता है। जिन लोगों ने आसमान में इस आनोखी आकृति को देखा उन्होंने इसे रेकॉर्ड कर लिया। बड़ी संख्या में ट्विटर यूजर्स ने इसका वीडियो और फोटो शेयर किया है। वीडियो में दिख रहा है कि बादल की आकृति गोल है, लेकिन इसके बीच में एक छेद है। एक यूजर ने लिखा, ‘तुर्की में सुबह-सुबह अनोखा बादल देखने को मिला है। क्या इसके अंदर UFO है और एलियन हमारी निगरानी कर रहे हैं?’
#Turkey an unusual dawn this morning. Footage of a rare natural phenomenon called #UFO lenticular/spying foehn clouds. 🇹🇷 pic.twitter.com/Mw9SJx3mAN
— ByronJ.Walker™Quotes (@ByronJWalker) January 21, 2023
2 किमी से 5 किमी की ऊंचाई पर बनते हैं बादल
इस विचित्र बादल का वीडियो देखते ही देखते इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जाने लगा। सैंकड़ों सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि यह बादल देखने में UFO की तरह लगा रहा है। हालांकि, तुर्की के राज्य मौसम विज्ञान सेवा ने बताया कि यह एक दुर्लभ घटना है, जो लेंटिकुलर क्लाउड था। लेंटिकुलर क्लाउड को उनके UFO जैसी आकृति के लिए जाना जाता है। यह 2000 से 5000 मीटर की ऊंचाई पर पाए जाते हैं। फॉक्स की रिपोर्ट के मुताबिक ऐसे बादल तब बनते हैं, जब आसमान में हवा शांत और उमस भरी हो। ऐसे बादल अक्सर सर्दियों में ही दिखते हैं।
क्यों दिखाई देती है आकृति
कई बार ऐसे बादल आसमान में बारिश के संकेत देते हैं। तूफान के अलावा वातावरण में नमी का भी यह संकेत देते हैं। लोगों को अलग-अलग चीजों में आकृति दिखाई देती है। इसे पेरिडोलिया कहा जाता है। यह सिर्फ बादलों से जुड़ा नहीं होता, बल्कि कई और चीजों में हमें चेहरे दिखाई देते हैं। जैसे टाइल्स, मिट्टी, आलू आदि में।
