हरिद्वार
बीएचईएल हरिद्वार में 52वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस को बीएचईएल सुरक्षा पखवाड़े के रूप में मनाया जा रहा है । 4 मार्च से 17 मार्च तक आयोजित होने वाले इस वर्ष के सुरक्षा पखवाड़ा का विषय है हमारा लक्ष्य, शून्य हानि । पखवाड़े का शुभारम्भ बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक प्रवीण चन्द्र झा का सुरक्षा संदेश प्रसारित कर किया गया । साथ ही महाप्रबंधक (प्रभारी) सीएफएफपी वीके रायजादा ने महाप्रबंधकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सुरक्षा शपथ दिलायी ।
अपने सुरक्षा संदेश में प्रवीण चन्द्र झा ने कहा कि औद्यौगिक सुरक्षा किसी भी संस्थान की प्रगति का आवश्यक अंग है । उन्होंने कहा कि सिर्फ कारखानों के लिए ही नहीं बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र के लिए सुरक्षा महत्वपूर्ण है । श्री रायजादा ने भी सभी कर्मचारियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की । इस अवसर पर संस्थान के सभी कर्मचारियों द्वारा अपने कार्यस्थलों पर सुरक्षा शपथ ली गयी ।
उल्लेखनीय है कि सुरक्षा पखवाड़ा के दौरान प्रभाग में विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं आदि का आयोजन किया जा रहा है । इनमें फायर ड्रिल और बचाव प्रदर्शन, विभिन्न विषयों पर सुरक्षा प्रशिक्षण तथा पोस्टर, स्लोगन एवं ऑनलाईन क्विज आदि प्रतियोगिताएं शामिल हैं । इन सभी गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने एवं शून्य हानि के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित करना है । इस अवसर पर प्रमुख (एचएसई) एके कटारिया सहित अनेक महाप्रबंधक तथा वरिष्ठ अधिकारी आदि मौजूद थे ।
