नई दिल्ली
अडानी ग्रुप के शेयरों में एक बार फिर गिरावट का दौर शुरू हो गया है। घरेलू शेयर बाजार में आंशिक तेजी के उलट अडानी ग्रुप की सभी 10 लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में सोमवार को गिरावट आई। ग्रुप के सात शेयर लोअर सर्किट या चार फीसदी से अधिक गिरावट के साथ बंद हुए। इस गिरावट से ग्रुप को 31,000 करोड़ रुपये का झटका लगा और उसका मार्केट कैप 9.4 लाख करोड़ रुपये रह गया है। 24 जनवरी को अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से अडानी ग्रुप के शेयरों में 17 से 75 फीसदी तक गिरावट आई है। पिछले साल अक्टूबर में अडानी ग्रुप का मार्केट कैप 24 लाख करोड़ रुपये के रेकॉर्ड हाई पर पहुंच गया था लेकिन उसके बाद से इसमें 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक गिरावट आई है।
इस गिरावट से अडानी ग्रुप को करीब बीएसई (BSE) में अडानी पावर (Adani Power) के शेयर में सर्वाधिक 4.98 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जबकि अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) को भी 4.98 प्रतिशत का नुकसान उठाना पड़ा। इसी तरह अडानी विल्मर (Adani Wilmar) के शेयर 4.93 प्रतिशत की गिरावट पर रहे जबकि अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) में 4.91 प्रतिशत का नुकसान दर्ज किया गया। ग्रुप की मीडिया कंपनी एनडीटीवी (NDTV) का शेयर 4.60 प्रतिशत गिरा जबकि अडानी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) में 4.40 प्रतिशत की गिरावट रही। अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड (APSEZ) में 1.43 प्रतिशत, एसीसी (ACC) में 1.01 प्रतिशत, अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) में 0.99 प्रतिशत और अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) में 0.59 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
अडानी की नेटवर्थ भी गिरी
कारोबार के दौरान अडानी ग्रुप की कई कंपनियों के शेयर निचले सर्किट तक पहुंच गए थे। अडानी ग्रुप के शेयरों के उलट बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच 126.76 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 57,653.86 अंक पर बंद हुआ। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से ही अडानी ग्रुप के शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। इस रिपोर्ट में समूह पर शेयरों के भाव चढ़ाने में हेराफेरी करने और वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप लगाए गए थे लेकिन ग्रुप ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। लेकिन शेयरों में आई गिरावट ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी भी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में तीसरे से 35वें नंबर पर खिसक गए थे। फिलहाल वह इस लिस्ट में 21वें नंबर पर हैं। फोर्ब्स के मुताबिक सोमवार को शेयरों में आई गिरावट से अडानी की नेटवर्थ में 1.6 अरब डॉलर की कमी आई।
