नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को स्मॉल सेविंग स्कीम्स के निवेशकों को बड़ा तोहफा दिया है. सरकार ने अप्रैल-जून 2023 तिमाही के लिए छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में 70 बेसिस प्वाइंट (BPS) का इजाफा किया है. वित्त मंत्रालय ने जारी एक नोटिफिकेशन में कहा कि सीनियर सिटीजन स्कीम, मंथली इनकम स्कीम, नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट, किसान विकास पत्र और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी स्कीमों की ब्याज दरों में इजाफा किया है.
पिछले 9 महीने में यह तीसरी बार है जब केंद्र सरकार ने छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है. फिलहाल स्मॉल सेविंग स्कीम्स की ब्याज दरें 4.0 फीसदी से 8.2 फीसदी के बीच हैं.हालांकि, पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) और पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट की दरों में बदलाव नहीं हुआ है. ये क्रमश: 7.1 और 4 फीसदी पर बनी हुई हैं.
पोस्ट ऑफिस सेविंग पर अधिक ब्याज
पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट में डिपॉजिट पर पब्लिक सेक्टर के बैंकों की तुलना में अधिक ब्याज मिल रहा है. पोस्ट सेविंग अकाउंट जहां चार फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है. वहीं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सेविंग अकाउंट पर 2.70 फीसदी की दर से वार्षिक ब्याज ऑफर कर रहा है. आईसीआईसीआई बैंक 3-3.5 फीसदी सालाना और एचडीएफसी बैंक भी सालाना 3-3.5 फीसदी की दर से ब्याज की पेशकश कर रहा है.
सुकन्या समृद्धि की ब्याज दरों में इजाफा
सरकार ने सुकन्या समृद्धि योजना की ब्याज दरों में भी इजाफा किया है. इस स्कीम की ब्याज दर अप्रैल से जून तिमाही के लिए आठ फीसदी की गई है. पहले ये 7.60 फीसदी पर थी. इस लिहाज से ब्याज दरों में 40 बेसिस प्वाइंट का इजाफा हुआ है. सबसे अधिक बढ़ोतरी नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट के ब्याज में हुआ है. इस स्कीम की ब्याज दर 7.0 फीसदी से बढ़कर 7.7 फीसदी हो गई है. इसमें 70 बेसिस प्वाइंट का इजाफा हुआ है.
बेटियों के लिए है सबसे लोकप्रिय स्कीम
केंद्र सरकार ने सुकन्या समृद्धि योजना की शुरुआत बेटी पढाओ, बेटी बचाओ योजना के तहत की थी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों में जन्म लेने वाली बच्चियों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए इस योजना को लॉन्च किया गया था। यह लॉन्ग टर्म की सेविंग स्कीम है। इस योजना में माता-पिता अपनी बेटियों के नाम पर निवेश करते हैं। यह एक सरकारी योजना है, इसीलिए इसमें रिस्क नहीं है। इस स्कीम में गारंटीड रिटर्न मिलता है।
इनकम टैक्स में मिलती है छूट
सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश करने पर इनकम टैक्स में छूट भी मिलती है। आयकर अधिनियम की धारा 80सी के तहत इस स्कीम में निवेश पर 1.50 लाख रुपये की टैक्स छूट मिलती है। यह स्कीम EEE स्टेटस के साथ आती है। यानी इस स्कीम में निवेश, ब्याज आय और मैच्योरिटी की रकम तीनों टैक्स फ्री होती हैं।
10 साल की उम्र से पहले खुलवा लें खाता
सुकन्या समृद्धि योजना में बेटियों की उम्र 10 वर्ष पूरी होने से पहले खाता खुलवाया जाता है।परिवार की अधिकतम दो बेटियों का खाता इस स्कीम में खुलवाया जा सकता है। इस योजना में किये गए निवेश से आप बच्चियों की शादी तथा उच्च शिक्षा के लिए अच्छा फंड तैयार कर सकते हैं।
