भोपाल
साहू समाज के विभिन्न संगठनों द्वारा 2 अप्रेल को जंबूरी मैदान में हुंकार रैली का आयोजन किया जा रहा है। 1 अप्रेल की शाम प्रदेश की 230 विधानसभा से आने वाले समाज के लोग जंबूरी मैदान में मशाल जलाकर सामाजिक एकता का प्रदर्शन करेंगे। मध्य प्रदेश तैलिक साहू सभा मीडिया प्रभारी मिथलेश साहू ने बताया कि भोपाल में निवासरत समाज के सभी लोगों के घरों में संध्या समय दहलीज पर कलश रखकर दीपक जलाएंगे। मिथलेश ने बताया कार्यक्रम को लेकर आयोजित बैठक में साहू समाज ने बैठक कर यह निर्णय लिया कि 2 अप्रेल को सभी सामाजिक बंधु अपने प्रतिष्ठान बंद कर महाकुंभ में शामिल होंगे। हुंकार रैली का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में साहू समाज के राजनीतिक वर्चस्व को बढ़ाना है, ताकि विधान सभा चुनाव में साहू समाज को उसका राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिल सके।
