प्रयागराज
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी को बीजेपी में शामिल करने पर यूपी सरकार में मंत्री नंद गोपाल नंदी ने मोर्चा खोल दिया है. नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक के रूप में मुझे विश्वास में लेना तो दूर बिना कोई औपचारिक सूचना दिए ऐसा किया जा रहा है.स्थानीय विधायक नंदी ने कहा कि मेरे खिलाफ चुनाव लड़ चुके समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को पार्टी ज्वाइन कराने का प्रस्ताव घोर अपमाजनक और आपत्तिजनक है. साल 2022 का विधानसभा चुनाव लड़कर बुरी तरह से चुनाव हारे रईस चन्द्र शुक्ला को भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कराने के प्रस्तावित का उन्होंने विरोध किया है.
इस पूरे मुद्दे पर नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के मीडिया सलाहकार बालाजी केसरवानी ने बताया कि नंदी ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि शुक्ला को बीजेपी में शामिल कराने से पहले उन्हें विश्वास में नहीं लिया गया। नंदी ने लिखित बयान जारी करके कहा है, ‘स्थानीय विधायक की अवहेलना और उपेक्षा की गई है, विपक्षी उम्मीदवार को पार्टी जॉइन कराना बेहद गंभीर प्रकरण है और गहरी साजिश है।’
नंदी ने इसे भारतीय जनता पार्टी की रीति और नीति के खिलाफ बताया है। उन्होंने कहा, पार्टी के लोकतांत्रिक मूल्यों में गहरी आस्था के सिद्धांत के खिलाफ फैसला लिया गया है, जो लोग पार्टी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चलाना चाहते हैं, और अपनी हठधर्मिता से पार्टी को लगातार पहुंचा रहे हैं उनकी घोर निंदा करता हूं। नंदी ने कहा यह रवैया पार्टी की मूल वैचारिकी और कार्य पद्धति के खिलाफ है।
