-सालों से जमें अफसरों के विभागों में होगा फेरबदल
भोपाल
भेल की झांसी से भोपाल यूनिट के मुखिया बने कार्यपालक निदेशक विनय निगम ने कम समय रहते वित्तीय वर्ष 2022-23 का उत्पादन लक्ष्य पूरा करने के बाद यूनिट में प्रशासनिक सर्जरी करने का मन बना लिया है। अब सालों से एक ही विभाग में जमे अफसरों के विभागों में फेरबदल कर सकते है। नये वित्तीय वर्ष के पहले तिमाही में ही उत्पादन की गति बनाये रखने के लिये फेरबदल जरूरी समझा जा रहा है। यूं भी अभी तक पुरानी टीम से ही काम चला रहे थे अब अपनी खुद की मजबूत टीम बनाकर टारगेट का पीछा करेंगे।
सबसे बड़ी बात यह है कि भेल में नगर प्रशासन विभाग और वक्र्स इंजीनियरिंग द्वारा अलग-अलग सिविल वक्र्स का काम किया जा रहा है । इसे ईडी ने भेल सिविल विभाग के नाम से गठन करने का फैसला लिया है । इससे फायदा यह होगा कि नगर प्रशासन विभाग के अंतर्गत काम करने वाले बरखेड़ा,पिपलानी,हबीबगंज और गेस्ट हाउस सिविल के ज्यादातर कर्मचारियों को कारखाने में बुलाया जा सकता है ।
भेल सिविल विभाग का मुखिया नये महा प्रबंधन बिरेन्द्र कुमार सिंह को सौंपा जायेगा । इससे नगर प्रशासन विभाग के अंतर्गत काम करने वाले सिविल के अनुभवी कर्मचारियों को कारखाने में काम करने का मौका मिलेगा । वहीं प्रबंधन ऐसे कर्मचारियों की लिस्ट भी तैयार कर रहा है जो तकनीकी होते हुये नगर प्रशासन में डटे हुये हैं उन्हें शॉप में लाया जा सकता है । यही नहीं इस विभाग में इंस्पेक्टर बने घूम रहे कुछ कर्मचारियों पर भी गाज गिर सकती है ।
खबर है कि प्रशासनिक सर्जरी जल्द ही की जायेगी । जानकारी के मुताबिक कारखानें में इस साल में महाप्रबंधक मोती सिंह रावत और एमआर डिंगरोचा रिटायर होने वाले हैं। ऐसे में इनकी जगह नये अफसरों को आगे बढ़ाने मौका दिया जायेगा। मजेदार बात यह है कि कुछ अफसर सीबीआई और सीवीओ की जांच के घेरे में होने के बाद भी महत्वपूर्ण विभागों में जमे हुए हैं।
खास बात यह है कि विभाग के स्पेशलिस्ट अफसरों को काम का मौका ही नही दिया जा रहा है। वह दूसरे विभागों में काम कर रहे है। इसके चलते जॉब की क्वालिटी पर विपरीत असर पड़ रहा है। कारखाने के सभी विभागों में बेहतर काम हो और क्वालिटी बेहतर हो इसके लिये मुखिया काफी सोच समझकर विभागों में फेरबदल करेंगे। सूत्रों की माने तो ई-1 से लेकर अपर महाप्रबंधक कॉडर के अफसरों के विभागों में भारी फेरबदल हो सकता है। फिलहाल इस बात की पुष्टि भेल प्रवक्ता ने नहीं की है ।
