भोपाल
मध्यप्रदेश में गर्मी के मौसम में भी मानसून जैसी बारिश हो रही है। करीब करीब पूरे प्रदेश में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। राजधानी भोपाल शुक्रवार दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई। शहर के प्रियंका नगर समेत कुछ हिस्सों में ओले भी गिरे है। भोपाल से सटा सीहोर भी तरबतर हो गया। यहां ओले गिरने से बर्फ की चादर सी बिछ गई। इसके अलावा उज्जैन भी भीगा। वहीं इंदौर में बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। उज्जैन, धार और हरदा में बिजली गिरने से 3 की मौत हो गई।
दमोह, नौगांव, रीवा, खंडवा, धार, इंदौर, गुना, सागर, ग्वालियर, उज्जैन और मंडला में भी बारिश हुई है। मौसम बदलने के साथ ही कई शहरों में दिन के तापमान में भी गिरावट हुई है। हरदा जिले की सिराली तहसील के पहटकला में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक का नाम सुनील पिता सुभाष कहार (32) है। मौसम विभाग की माने तो अगले 2 दिन और ऐसा ही मौसम रहेगा। तेज आंधी के साथ बारिश होगी और ओले भी गिरेंगे।
भोपाल में सड़कों पर भरा पानी
राजधानी भोपाल में शुक्रवार को ओलों के साथ तेज बारिश हुई। इस कारण सड़कों पर भी पानी भर गया। दोपहर 2 बजे बाद से बारिश का दौर शुरू हुआ, जो शाम तक जारी रहा। बैरसिया इलाके में भी ओले गिरे हैं। यहां आधा इंच से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। वहीं, भोपाल सिटी एरिया में 4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सीहोर में ओलों के साथ बारिश हुई।
सीएम शिवराज को थामना पड़ा छाता
नर्मदापुरम में पूर्व मंत्री मधुकर राव की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को बारिश से बचने के लिए छाते का सहारा लेना पड़ा। अन्य लोग कुर्सियों को सिर पर लगाकर पानी से बचने का प्रयास करते रहे। वहीं पूर्व मंत्री सरताज सिंह बारिश में ही बैठे रहे।
सीहोर जिले में आंधी के साथ बारिश, ओले गिरे
सीहोर जिले के आष्टा में शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद आंधी के साथ बारिश हुई। मेहतवाड़ा क्षेत्र में तेज हवा के साथ 15 मिनट तक ओले गिरे। सिविल अस्पताल आष्टा के पीछे ट्रांसफार्मर में आग लग गई। गायत्री मंदिर के सामने एक पेड़ गिर गया।
आलीराजपुर में आंधी के साथ बारिश, कई जगह गिरे पेड़
आलीराजपुर जिले के कई गांवों में शुक्रवार दोपहर में गरज-चमक के साथ तेज आंधी चली। तेज बारिश के चलते कई जगहों पर बिजली सप्लाई ठप हो गई। नानपुर और जोबट क्षेत्र में एक घंटा पानी गिरा। कई स्थानों पर पेड़ गिरे।
