भोपाल। भोपाल मेट्रो की संचालन समय-सारिणी में एक बार फिर बदलाव किया गया है। मेट्रो कॉरपोरेशन द्वारा जारी नए शेड्यूल के अनुसार 3 अप्रैल से मेट्रो का संचालन सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक किया जाएगा। पिछले करीब 100 दिनों में यह तीसरी बार है जब मेट्रो की टाइमिंग बदली गई है, जिससे ट्रेनों के फेरों में भी कमी आएगी। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार सुभाष नगर से एम्स के बीच प्रायोरिटी कॉरिडोर पर सिग्नलिंग सिस्टम का काम शुरू किया गया है। करीब 30 किलोमीटर के लिए 800 करोड़ रुपये के टेंडर के तहत यह कार्य किया जा रहा है। फिलहाल सिग्नलिंग सिस्टम नहीं होने के कारण मेट्रो को केवल एक ही ट्रैक (डाउन ट्रैक) पर संचालित करना पड़ रहा है।
इसी कारण ट्रेनों की फ्रिक्वेंसी लगभग 75 मिनट रखी गई है, जिससे यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। सिग्नलिंग कार्य के चलते ऑरेंज लाइन के प्रायोरिटी कॉरिडोर का ट्रैक प्रभावित रहेगा। हालांकि मेट्रो प्रबंधन ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह कार्य कब तक चलेगा और नई टाइमिंग कब तक लागू रहेगी। दरअसल, इन दिनों मेट्रो में यात्रियों की संख्या भी काफी कम देखी जा रही है। प्रबंधन के अनुसार यात्रियों की कम संख्या भी टाइमिंग में बदलाव का एक कारण है।
गौरतलब है कि भोपाल मेट्रो का उद्घाटन 20 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया था। इसके अगले दिन 21 दिसंबर से मेट्रो का कमर्शियल संचालन शुरू हुआ था। शुरुआत में मेट्रो को अच्छी संख्या में यात्री मिले, लेकिन बाद में यात्रियों की संख्या कम होती गई। 5 जनवरी को पहली बार मेट्रो की टाइमिंग और फेरों में बदलाव किया गया था, जब फेरों की संख्या घटाकर 17 से 13 कर दी गई थी और संचालन समय सुबह की जगह दोपहर 12 बजे से शाम 7:30 बजे तक कर दिया गया था। अब एक बार फिर नई समय-सारिणी लागू की जा रही है।
