जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर सख्त रोकथाम के निर्देशों की पालना में आबकारी विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के कुशल निर्देशन में 1 मई से 31 मई तक चलाए गए एक महीने के विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत विभाग ने चौतरफा कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 93 लाख रुपए मूल्य की अन्य राज्यों की अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस दौरान पूरे प्रदेश में अवैध मदिरा परिवहन और तस्करी के कुल 2,046 अभियोग दर्ज कर 922 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा विभाग ने कार्रवाई के दौरान विभिन्न जिलों में अवैध रूप से संचालित हो रही शराब भट्टियों को ध्वस्त करते हुए 5 लाख 62 हजार 984 लीटर वॉश मौके पर ही नष्ट कर दिया, जिससे शराब माफियाओं के हौसले पस्त हो गए हैं। विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस धरपकड़ अभियान में ₹19.41 लाख से अधिक मूल्य की 7,182 लीटर देशी मदिरा, ₹3 करोड़ 93 लाख मूल्य की 39,219 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा (IMFL), ₹44.40 लाख की 19,806 लीटर बीयर, 13,443 लीटर अवैध हथकढ़ शराब और 30 लीटर स्प्रिट जब्त की गई है।
इसके साथ ही अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल हो रहे 15 बड़े ट्रकों/कंटेनरों, 13 हल्के चार पहिया वाहनों, 1 तिपहिया और 65 दुपहिया वाहनों सहित कुल 94 वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की गई है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से प्रदेश की समस्त ईपीएफ (EPF) टीमों, जोन और जिला अधिकारियों की बैठक लेकर नाकाबंदी, गश्त और दबिश की दैनिक समीक्षा की। उन्होंने स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस के साथ मजबूत मुखबिर तंत्र का समन्वय स्थापित कर इस अभियान को अंजाम तक पहुंचाया।
