-पुलिस विभाग से किराया वसूली कार्यवाही शुरू
भोपाल
भेल प्रशासन द्वारा पुलिस विभाग को सैकड़ो मकान किराये पर आंवटित किये गये है। कई पुलिसकर्मी या तो इन आवासों को किराये पर चला रहे या कुछ ताला लगाकर बाहर चले गये। इन आवासों को भेल नगर प्रशासन विभाग को हेन्ड ओवर नहीं किये गये है। इसके चलते भेल प्रशासन को करीब एक करोड़ रूपये पुलिस विभाग से वसूलना है। इस संबंध में नगर प्रशासन विभाग ने पुलिस विभाग को कई बार पत्र भी लिखे है।
सूत्रों का कहना है कि भेल प्रशासन पुलिस अधीक्षक कार्यालय की अनुमति के बाद ही भेल टाउनशिप के आवास पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आंवटन करता है। भेल टाउनशिप की पिपलानी और गोविन्दपुरा थाना क्षेत्र में काम कर रहे पुलिसकर्मियों करीब 25 साल से आवंटित करता चला आ रहा है। कई पुलिसकर्मी तो नियमानुसार भेल के आवासों का किराया व बिजली बिल समय पर जमा करते चले आ रहे है लेकिन कुछ ऐसे भी है जो यह राशि जमा नही कर रहे हैं।
मजेदार बात यह है कि कुछ पुलिसकर्मियों का तबादला भोपाल से बाहर हो गया है तो कुछ रिटायर हो गये है लेकिन इन आवासों में बिना किराया जमा किये ही या तो जमे हुए है या फिर किराये पर चला रहे है। इस संबंध में भेल अधिकारियों द्वारा कई आवासों का सर्वे कराने के बाद इन सब बातों का खुलासा हुआ। भेल प्रशासन लगातार इस वसूली के लिये पुलिस विभाग को पत्र लिख रहा है।
सूत्र बताते है कि जल्द ही भेल प्रशासन बकायादार पुलिसकर्मियों से राशि वसूलने के लिये सख्त कार्यवाही कर सकता है। इसके लिये पुलिस अधीक्षक भोपाल को पत्र लिखा जा चुका है। भेल प्रवक्ता का कहना है कि धीरे-धीरे बकाया राशि वसूली जा रही है । जो लोग भुगतान नहीं कर रहे हैं उन्हें पत्र देकर राशि जमा करने का अनुरोध किया है ।
