हम्बनटोटा
अफगानिस्तान ने 2 जून 2023 को हम्बनटोटा के महिंदा राजपक्षे इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए एकदिवसीय मैच में श्रीलंका को 6 विकेट से हरा दिया। एकदिवसीय क्रिकेट में अफगानिस्तान की श्रीलंका के खिलाफ पिछले 18 महीने (जनवरी 2022 से) में 13 में से 10वीं जीत है। इस दौरान अफगानिस्तान ने सिर्फ 2 एकदिवसीय मैच में हार का सामना करना पड़ा, जबकि नवंबर 2022 में खेला गया मुकाबला बेनतीजा रहा था।
अफगानिस्तान के हसमतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 10 विकेट पर 268 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ने 46.5 ओवर में 4 विकेट पर 269 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। एकदिवसीय सीरीज का दूसरा मैच 4 जून और तीसरा मुकाबला 7 जून को हम्बनटोटा में ही खेला जाना है। अफगानिस्तान की ओर ओपनर इब्राहिम जादरान 98 गेंद में 98 रन बनाकर आउट हुए।
इब्राहिम जादरान ने इसके साथ ही श्रीलंका के चरित असलंका की 91 रन की पारी पर पानी फेर दिया। चरित असलंका ने अपनी 95 गेंद की पारी के दौरान 12 चौके लगाए थे। इब्राहिम जादरान ने अपनी पारी के दौरान 11 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्होंने इस बीच रहमत शाह (55) के साथ दूसरे विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी की। इन दोनों के अलावा हसमतुल्लाह शाहिदी ने 38 और मोहम्मद नबी ने नाबाद 27 रन का योगदान दिया। 21 साल के इब्राहिम ने अपने 9वें वनडे 500 रन भी पूरे कर लिए।
