रायपुर। भारत को कबड्डी विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक दिलाने वाली छत्तीसगढ़ की स्टार खिलाड़ी संजू देवी रावत को राज्य सरकार ने एक बड़ी सौगात दी है। शनिवार को नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने संजू देवी को 50 लाख रुपये का चेक सौंपकर सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार किसी खिलाड़ी को इतनी बड़ी प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।
कोरबा जिले के एक छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली 23 वर्षीय संजू देवी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाया है। नवंबर 2025 में बांग्लादेश में आयोजित कबड्डी विश्वकप में उन्हें पूरे टूर्नामेंट का ‘मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर’ चुना गया था। विश्वकप के फाइनल मुकाबले में भारत द्वारा अर्जित कुल 35 अंकों में से अकेले संजू ने 16 अंक हासिल कर टीम की जीत सुनिश्चित की थी। इससे पूर्व मार्च 2025 में ईरान में आयोजित एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में भी उन्होंने भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
एक श्रमिक परिवार में जन्मी संजू देवी ने अभावों और गरीबी के बीच संघर्ष करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। वे जुलाई 2023 से बिलासपुर की बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। संजू छत्तीसगढ़ की पहली महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, “संजू देवी का प्रदर्शन पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इतनी बड़ी प्रोत्साहन राशि देने का उद्देश्य राज्य की अन्य बेटियों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है।” श्री साव ने बिलासपुर के चिंगराजपारा कबड्डी क्लब को कबड्डी मैट भी प्रदान किया।
