नई दिल्ली,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दिल्ली में एनडीए की अहम बैठक को संबोधित कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने एनडीए के 25 सालों की इस यात्रा की विकास रिपोर्ट पेश की. पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए के 25 सालों की इस यात्रा के साथ एक और संयोग जुड़ा है. ये वह समय है, जब हमारा देश आने वाले 25 सालों में एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कदम बढ़ा रहा है. इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष की एकजुटता पर भी निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष हमें नीचा दिखाने में जुटा है. लेकिन देश की 140 करोड़ देशवासी सब देख रहे हैं. वे जानते हैं कि ये स्वार्थी विपक्ष क्यों जुटे हुए हैं. ये गलबहियां मिशन नहीं बल्कि मजबूरी है.
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने देश के लोगों को गलत हाथों में जाने से बचाया है. एनडीए के सभी सहयोगी राजनीति सौहार्द और शांति बनाए रखने का प्रयास करते हैं.एनडीए सरकार ने प्रणब दा को भारत रत्न दिया. वह जीवनभर कांग्रेसी रहे लेकिन एनडीए ने उन्हें सम्मान देने से संकोच नहीं दिाय. ये एनडीए सरकार ही थी जिन्होंने मुलायम सिंह यादव, शरद यादव, गुलाम नबी आजाद, तरुण गोगोई और ना जाने कितने नेताओं को सम्मान दिया है.
ये पब्लिक सब जानती है
पीएम मोदी ने कहा कि ये जनता सब जानती है कि ये विपक्षी बेंगलुरु में क्यों इकट्ठा हुए हैं. केरल में लेफ्ट और कांग्रेस एक दूसरे के खून के प्यासे हैं लेकिन बेंगलुरु में दोनों पार्टियां एक दूसरे के हाथ में हाथ डाले हुए हैं. बंगाल में लेफ्ट और टीएमसी एक दूसरे के खून के प्यासे हैं. टीएमसी के कार्यकर्ता कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर हमले कर रहे हैं लेकिन बेंगलुरु में कुछ और ही नजारा देखने को मिल रहाहै. नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी के नेता एक दूसरे को भर-भरकर गालियां देते हैं. आरजेडी और जेडीयू के नेता एक दूसरे को कैसे-कैसे शब्दों से नवाजते हैं लेकिन यहां अलग ही गलबहियां चल रही हैं. लेकिन आज हकीकत देश के 140 करोड़ देशवासियों के सामने आ चुकी है.
एनडीए के तीसरे कार्यकाल में हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया में तीसरे स्थान पर होगी
पीएम मोदी ने कहा कि मुझसे गलती हो सकती है लेकिन मैं बदनीयत से मैं दूर रहूंगा. मैं बदनीयत से कोई काम नहीं करुंगा. मेरा जीवन आपने देखा है. मेरे शरीर का हर कण और समय का हर क्षण देश को समर्पित है. आपका यह विश्वास, यह आशीर्वाद मेरी ऊर्जा है. 2014 में देश की अर्थव्यवस्था 10वें नबंर थी लेकिन आज यह पांचवें नंबर पर है. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि एनडीए के तीसरे कार्यकाल में हमारे देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में तीसरे नंबर पर होकर रहेगी.
