नई दिल्ली,
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इस साल भारत की मेजबानी में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल हाल ही में घोषित किया है. मगर अब इस शेड्यूल में नवरात्रि त्योहार के कारण भारत-पाकिस्तान समेत 6 मैचों में बदलाव किया जाएगा.
बता दें कि टूर्नामेंट का आगाज 5 अक्टूबर को होगा. जबकि भारतीय टीम अपना पहला मैच 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी. वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा मैच भारत और पाकिस्तान के बीच रहने वाला है. यह महामुकाबला 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना था. मगर इसे 14 अक्टूबर को कराया जाएगा.
पाकिस्तान के 2 मैचों में होगा बदलाव
पहले खबर आई थी कि सिर्फ भारत-पाकिस्तान मैच की तारीख ही बदलेगी. मगर अब सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि एक नहीं बल्कि भारत-पाकिस्तान मैच समेत कुल 6 मुकाबलों के शेड्यूल में बदलाव होगा. जानकारी के मुताबिक, नवरात्रि के कारण सबसे बड़ा बदलाव यही है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 15 की बजाए अब 14 अक्टूबर को होगा.
साथ ही 12 अक्टूबर को होने वाला पाकिस्तान का एक और मैच बदला जाएगा. यह मैच श्रीलंका के खिलाफ होना है, जो अब 12 की बजाए 10 अक्टूबर को हैदराबाद में खेला जाएगा. जबकि 9 अक्टूबर को न्यूजीलैंड और नीदरलैंड्स के बीच हैदराबाद में होने वाला मैच अब 12 अक्टूबर को हो सकता है.
अब 15 अक्टूबर को होगा ये मुकाबला
इनके अलावा इंग्लैंड-अफगानिस्तान के बीच 14 अक्टूबर की दोपहर को दिल्ली में होने वाले मैच को सुबह कराया जाएगा. साथ ही इसी दिन यानी 14 अक्टूबर को सुबह जो न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच मैच होना है, उसे 15 अक्टूबर को शिफ्ट किया जा सकता है. इसके अलावा एक मैच 9 अक्टूबर को भी कराए जाने की संभावना है.
आज आएगा ICC वर्ल्ड कप का नया शेड्यूल
भारत-पाकिस्तान समेत 6 मैचों में बदलाव के साथ वर्ल्ड कप का नया शेड्यूल आज (2 अगस्त) घोषित हो सकता है. बता दें कि भारत की मेजबानी में होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत 5 अक्टूबर को होगी. इसका फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है.
वर्ल्ड कप के इन बड़े मैचों में होगा बदलाव
– भारत Vs पाकिस्तान – 15 अक्टूबर से 14 अक्टूबर शिफ्ट होगा
– पाकिस्तान Vs श्रीलंका – 12 अक्टूबर से 10 अक्टूबर
– न्यूजीलैंड Vs नीदरलैंड्स – 9 अक्टूबर से 12 अक्टूबर
– इंग्लैंड Vs अफगानिस्तान – 14 अक्टूबर दोपहर से सुबह में शिफ्ट हो सकता है
– न्यूजीलैंड Vs बांग्लादेश – 14 अक्टूबर से 15 अक्टूबर
– डबल हेडर वाले दिन से कोई एक मैच 9 अक्टूबर को शिफ्ट किया जा सकता है.
