फतेहपुर
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक मासूम बच्ची के साथ रेप का मामला सामने आया है. आरोपी मासूम को टॉफी दिलाने के बहाने से अपने घर ले गया और रेप की घटना को अंजाम दिया. बच्ची की हालत बिगड़ती देख उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया. बच्ची के परिजन जब खोजबीन करते हुए आरोपी के घर पहुंचे तो वो बच्ची को खून से लथपथ देख दंग रह गए. तुरंत ही उसे उठाया अस्पताल लेकर पहुंचे और थाने में शिकायत दर्ज कराई.
पीड़ित परिजनों की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी. पीड़िता की मां के मुताबिक यह घटना 5 अगस्त की है. आरोपी की धमकी की वजह से उन्होंने 10 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी भीम को गिरफ्तार कर लिया है.
टॉफी दिलाने ले गया युवक फिर किया रेप
इस मामले पर एएसपी विजय शंकर मिश्र ने बताया कि थाना थरियांव में एक महिला द्वारा सूचना दी गई कि 5 अगस्त को जब वो खेत में काम करने गई थी. उसकी एक 6 वर्षीय पुत्री को एक पड़ोसी युवक टॉफी का लालच देकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया.
पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार
आरोपी के खिलाफ बलात्कार व पॉस्को अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है. पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया तथा अभियुक्त को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है.
