मुंबई ,
महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में दोफाड़ होने के बाद अब अपने-अपने कुनबे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. शरद पवार और अजित पवार गुट के नेता राज्य में संगठन मजबूत करने के लिए पार्टी नेताओं को अपने पाले में करने के लिए मेल-मुलाकातें और बैठकें कर रहे हैं. बुधवार को दोनों गुटों से जुड़े नेताओं ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक से मुलाकात की है. डिप्टी सीएम अजित पवार खुद मलिक से मिलने उनके घर पहुंचे. बाद में अजित गुट के ही छगन भुजबल ने भी मलिक से मुलाकात की. शरद पवार गुट के नेता अनिल देशमुख भी मलिक से मिलने पहुंचे. उनके साथ मोर्चे के पदाधिकारी भी थे.
बता दें कि नवाब मलिक (64 साल) को पिछले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट से मेडिकल के आधार पर अंतरिम जमानत दी गई है. वो मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पिछले साल से जेल में बंद थे. मलिक को सोमवार को मुंबई के एक निजी अस्पताल से छुट्टी दी गई है. मलिक का दो महीने के लिए अंतरिम जमानत पर हैं. ईडी ने मलिक को कथित तौर पर भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगियों से जुड़े एक मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत फरवरी 2022 में गिरफ्तार किया था. मलिक का मई 2022 से किडनी से संबंधित बीमारी के लिए निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पहले अजित, फिर छगन भुजबल मुलाकात करने पहुंचे
बुधवार को डिप्टी सीएम अजित पवार ने ट्वीट किया और बताया कि उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और विधायक नवाब मलिक से उनके आवास पर बैठक की. उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली. अजित के साथ उनके गुट से जुड़े अन्य नेता भी मिलने पहुंचे थे. बाद में मंत्री छगन भुजबल ने ट्वीट किया और बताया कि उन्होंने नवाब मलिक से उनके आवास पर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली. इसकी तस्वीरें शेयर की हैं. भुजबल, डिप्टी सीएम अजित पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट के नेता हैं. वे पार्टी के उन 9 विधायकों में से एक थे, जिन्होंने 2 जुलाई को एनसीपी में बगावत की और बीजेपी सरकार में मंत्री बनाए गए थे.
शरद गुट के नेता भी मलिक से मिलने पहुंचे
इस मेल-मुलाकात की खबरों के बीच NCP के संस्थापक शरद पवार गुट के नेता और पूर्व मंत्री अनिल देशमुख भी नवाब मलिक से उनके घर पर मुलाकात करने पहुंचे. पत्रकारों से बातचीत में अनिल देशमुख ने कहा- मलिक को राजनीतिक कारणों से जेल में डाला गया. देशमुख के साथ NCP की महिला प्रदेश अध्यक्ष विद्या चव्हाण और अन्य नेता भी मुलाकात करने पहुंचे थे.
‘संजय राउत भी नवाब से मिलने जाएंगे’
इससे पहले दिन में शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा था कि वो जल्द ही नवाब मलिक से मुलाकात करेंगे. बताते चलें कि नवाब मलिक, अनिल देशमुख और संजय राउत को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया था. तीनों को जेल भेजा गया था. बाद में राउत और देशमुख जमानत पर बाहर आए.
