भोपाल
मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने का वक्त बचा है। इस चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस जोर-शोर से तैयारी कर रही है। इसी क्रम में बीजेपी ने एक कदम आगे बढ़ते हुए विधानसभा चुनाव के लिए 39 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट में पार्टी ने भोपाल की सात सीटों पर उम्मीदवार भी उतार दिए हैं। इनमें कांग्रेस के दो मुस्लिम विधायकों के खिलाफ बीजेपी ने हिंदू प्रत्याशी मैदान में उतारा है। भोपाल की ये दो सीट हैं- भोपाल उत्तर और भोपाल सेंट्रल। इन दोनों सीटों पर बीजेपी ने हिंदू उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। बीजेपी ने भोपाल उत्तर से भोपाल के पूर्व महापौर आलोक शर्मा को मैदान में उतारा है। भोपाल उत्तर सीट का प्रतिनिधित्व वर्तमान में कांग्रेस विधायक आरिफ अकील कर रहे हैं। जबकि भोपाल सेंट्रल से बीजेपी ने ध्रुवनारायण सिंह को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट का प्रतिनिधित्व कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद कर रहे हैं।
भोपाल से 7 मौजूदा विधायक कौन?
भोपाल में कुल सात विधानसभा सीटें हैं। इनमें से 2018 में बीजेपी ने चार जबकि कांग्रेस ने तीन सीटें जीती थीं। भोपाल के सात मौजूदा विधायक हैं-विष्णु खत्री (बैरासिया) आरिफ अकील (भोपाल उत्तर) विश्वास सारंग (नरेला) P.C. शर्मा (भोपाल दक्षिण) आरिफ मसूद (भोपाल सेंट्रल) कृष्ण गौड़ (गोविंदपुरा) और रामेश्वर शर्मा (हुजूर सीट)।
भोपाल उत्तर और सेंट्रल सीट पर कांग्रेस किसे उतारेगी?
इस बीच चर्चा है कि कांग्रेस भी एक बार फिर भोपाल सेंट्रल सीट से मौजूदा विधायक आरिफ मसूद पर भरोसा जता सकता है। ऐसे में उनकी इस सीट से चुनावी मैदान में फिर से उतारने की संभावना है। जबकि भोपाल उत्तर सीट से मौजूदा विधायक कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता आरिफ अकील अपने स्वास्थ्य की वजह से पिछले कुछ महीनों से बिस्तर पर हैं। माना जा रहा है कि वे अपने बेटे के लिए पार्टी से टिकट की मांग करेंगे।
