लद्दाख
लद्दाख में बड़ा हादसा हुआ है। क्यारी शहर से 7 किमी दूर एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 9 जवान वीरगति को प्राप्त हुए हैं। उनका वाहन खाई में गिर गया। घटना में कई अन्य घायल हैं। सैनिक कारू गैरीसन से लेह के पास क्यारी की ओर बढ़ रहे थे। दुर्घटना में कई सैनिकों को चोटें भी आई हैं। वीरगति को प्राप्त करने वालों में एक जेसीओ (जूनियर कमीशंड ऑफिसर) और बाकी 8 जवान हैं। रक्षा अधिकारियों के मुताबिक, यह दुर्घटना शाम को करीब साढ़े छह बजे घटी। उन्होंने बताया कि सैन्य टुकड़ी कारू गैरीसन से लेह के नजदीक क्यारी की ओर बढ़ रही थी।
J-K: पुंछ में सेना की गाड़ी में लगी थी आग
इससे पहले अप्रैल 2023 में पुंछ-जम्मू नेशनल हाइवे पर सेना की गाड़ी में भीषण आग लग गई थी. हादसे में 5 जवानों की जान चली गई थी. सेना की तरफ से बताया गया था कि राजौरी सेक्टर में भीमबेर गली और पुंछ के बीच हाइवे से गुजर रहे सेना के एक वाहन पर अज्ञात आतंकवादियों ने गोलीबारी की. आतंकवादियों ने ग्रेनेड का भी इस्तेमाल किया, जिससे वाहन में आग लग गई. भारी बारिश और कम दृश्यता का फायदा उठाते हुए ये आतंकी हमला हुआ था.
सिक्किम में खाई में गिरा था सेना का ट्रक
दिसंबर 2022 में सिक्किम में एक बस गहरी खाई में गिर गई थी, जिससे 16 आर्मी के जवानों की मौत हो गई थी. ये हादसा उत्तरी सिक्किम के लाचेन से 15 किमी दूर जेमा इलाके में हुआ. सेना के तीन वाहन सुबह जवानों को लेकर जा रहे थे. ये काफिला चटन से थंगू की ओर जा रहा था. जेमा के रास्ते में एक वाहन का चालक अचानक मोड़ पर खड़ी ढलान की वजह से संतुलन खो बैठा और वाहन नीचे खाई में जा गिरा था. बताते हैं कि 4 घायल जवानों को रेस्क्यू कर निकाला गया. जबकि तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया.
