नई दिल्ली,
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल मैच चल रहा है. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बॉलिंग करने का फैसला किया है. हालांकि ऑस्ट्रेलिया का टॉस जीतकर बॉलिंग करने का फैसला ब्रिटेन के उचायुक्त को खास पसंद नहीं आया.उन्होंने एक्स पर लिखा, ”लगभग सरासर मूर्खता का कार्य करते हुए मैंने #INDvsAUS फाइनल के दौरान उड़ान भरने का निर्णय लिया, यह निर्णय टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनने जितना ही मूर्खतापूर्ण निर्णय है?”
वर्ल्ड कप सेमीफाइल में न्यूजीलैंड को 70 रनों से हराने के बाद आज भारत का फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के साथ हो रहा है. आज का मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है. देशभर से क्रिकेट फैंस यहां मैच देखने के लिए आए हैं. सोशल मीडिया पर भी लोगों में मैच को लेकर गजब का क्रेज देखने को मिल रहा है.
ओस की वजह से पैट कमिंस ने लिया ऐसा फैसला
अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच को धीमा करने के लिए रोलर चलाया गया था. यहां की पिच की मिट्टी काली है. कंगारू कप्तान कमिंस पहले ही कह चुके थे कि इस मैच में अंतर ओस से पैदा होगा. यही वजह थी कि उन्होंने टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी दी, ताकि ओस से बचा जा सके. कमिंस ने पिच देखने के बाद कहा था कि इस शहर और स्टेडियम में किसी अन्य जगह से ज्यादा ओस पड़ती है.
वहीं कमिंस ने इस बात के भी संकेत दिए थे कि ओस की संभावना को देखते हुए बल्लेबाजी क्रम में थोड़ा बदलाव किया जाएगा. उन्होंने कहा, ‘दूधिया रोशनी की तुलना में दिन में बल्लेबाजी आसान होगी, लेकिन दूसरी पारी में ओस मैच के अंतिम हिस्से में पड़ सकती है तो इस बारे में सोचना होगा.’ यानी साफ है कि पैट कमिंस पहले से तय करके आए थे कि अगर टॉस जीतेंगे तो पहले गेंदबाजी करेंगे.
मैं भी पहले बल्लेबाजी ही करता: रोहित शर्मा
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस हारने के बाद रिएक्शन दिया. रोहित ने टीम में कोई बदलाव नहीं किया. रोहित बोले, ‘अगर वह टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी ही करते, पिच अच्छी लग रही है, यह एक बड़ा गेम है और बोर्ड पर रन बनाना बेहद जरूरी है. यह मैच काफी शानदार होने वाला है, जब भी हम यहां खेलते हैं, बड़ी संख्या में फैन्स आते. हमें बेस्ट खेलना और शांत रहना है.
