19.5 C
London
Monday, April 27, 2026
Homeखेलवर्ल्ड कप जीतने के बाद भी भारत से नाराज ऑस्ट्रेलिया! कहा, ऐसा...

वर्ल्ड कप जीतने के बाद भी भारत से नाराज ऑस्ट्रेलिया! कहा, ऐसा नहीं करना चाहिए था

Published on

नई दिल्ली,

भले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम क्रिकेट वर्ल्ड कप जीत चुकी है लेकिन ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की शिकायतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने पहले तो फाइनल में भारत की हार के बाद भारतीय दर्शकों के उठकर चले जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की थी, अब कहा जा रहा है कि भारत में ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत का पूरा क्रेडिट नहीं दिया जा रहा है. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में इस बात को लेकर आपत्ति जताई जा रही है कि कुछ भारतीय दिग्गज पिच को ऑस्ट्रेलियाई जीत का कारण बता रहे हैं तो कुछ टॉस जीतने को. वहीं, कुछ खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड कप जीतने के बावजूद भारतीय टीम को ही असली विजेता बता रहे हैं.

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया इस बात से भी खफा है कि रिकी पोंटिंग जैसे ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज भी पिच विवाद को मुद्दा बनाकर अपनी ही टीम की जीत को कमतर कर रहे हैं. रिकी पोटिंग ने एक बयान में कहा था कि भारत के अनुकूल पिच बनाने का दांव उस पर ही उल्टा पड़ गया.ऑस्ट्रेलिया की एक प्रमुख वेबसाइट ने लिखा, ‘सबसे ज्यादा दुख इस बात का है कि भारतीय क्रिकेट के बड़े-बड़े दिग्गज भी आग में घी डालने का काम कर रहे हैं.’

ऑस्ट्रेलियाई टीम के दोनों हाथों में लड्डू थे: संजय मांजरेकर
वेबसाइट न्यूज.कॉम ने भारत के पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर के बयान का जिक्र किया है. संजय मांजरेकर ने लिखा था, ‘पिच काफी टैकी थी और ऊपर से रफ लग रही थी. इस पिच पर पहली बॉल से ही टर्न मिलने वाला था इसलिए ऑस्ट्रेलिया ने स्कोरकार्ड पर ज्यादा रन टांगने के मंत्र के खिलाफ जाकर वास्तव में कोई बहुत बड़ा रिस्क नहीं लिया था.’

‘उन्हें पता था कि उनके पेसर्स को दोपहर के बाद पिच का फायदा मिलेगा, प्लस रेत के कागज की तरह दिख रही पिच पर रिवर्स स्विंग अहम भूमिका निभाने वाला है और उनके पास इस फील्ड के एक्सपर्ट मिचेल स्टार्क मौजूद थे ही. इसके अलावा, अगर कुछ भी कारगर नहीं होता तो स्लोअर बॉल्स का विकल्प तो था ही.’

संजय मांजरेकर ने आगे लिखा, ‘बाद में ओस आने के बाद बल्लेबाजी करना आसान होता क्योंकि बॉल बहुत टर्न नहीं होने वाली थी. इसके अलावा, सीमर के लिए स्लोअर बॉल्स का भी विकल्प नहीं था. यानी कि पहले बॉलिंग करने वाली टीम के लिए ये विन-विन सिचुएशन यानी दोनों हाथों में लड्डू होने जैसा था. इसके बाद बस प्लान को जमीन पर उतारना था. साफ-साफ शब्दों में कहें तो भारत को पहले तो कंडीशन्स ने ही हरा दिया था.’

टॉस जीतने को मुद्दा बनाने पर भी भड़का मीडिया
संजय मांजरेकर का ये बयान कई खेल पत्रकारों के गले नहीं उतरा और उन्होंने इस पर प्रतिक्रिया दी है. क्रिकेट राइटर डेव टिकनर ने इसके जवाब में लिखा, ‘क्रिकेट के दिग्गज अब भी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि टॉस बहुत बड़ा फैक्टर था और गेम बदलने वाला था. जबकि रोहित शर्मा ने खुद कहा था कि टॉस जीतकर वह भी बल्लेबाजी ही करते.’

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने एक भारतीय क्रिकेट एक्सपर्ट के बयान को भी छापा है. एक्सपर्ट ने एक ऑर्टिकल में लिखा था कि फाइनल क्या, किसी भी मैच में एक सिक्का उछालने से मैच का फैसला नहीं होना चाहिए. उस दिन टॉस जीतने वाली टीम की लॉटरी ही लग गई, ऐसा नहीं होना चाहिए था.

मोहम्मद कैफ की टिप्पणी पर भड़के ऑस्ट्रेलियाई
भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में ऐसी ही कुछ प्रतिक्रिया दी थी जिसे लेकर ऑस्ट्रेलियाई मीडिया में खूब ऐतराज जाहिर किया जा रहा है. मोहम्मद कैफ ने कहा था, ‘ऑस्ट्रेलिया को बधाई लेकिन मैं ये मानने को तैयार नहीं हूं कि वर्ल्ड कप की सर्वश्रेष्ठ टीम ऑस्ट्रेलिया थी. भारतीय टीम बेस्ट टीम थी. पेपर पर ये टीम ही सबसे मजबूत थी. इसी ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ भी उन्होंने कई बार जीत दर्ज की हैं लेकिन आज हार गए. ये बस उन बुरे दिनों में से एक था जब ऐसी चीजें हो जाती हैं.’ मोहम्मद कैफ के बयान को ट्वीट करते हुए ऑस्ट्रेलियाई चैनल ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टर चैनल (एबीसी) के खेल पत्रकार ने लिखा, ‘मोहम्मद कैफ को कोई याद दिलाए कि वर्ल्ड कप के फाइनल, कागज पर नहीं बल्कि क्रिकेट के मैदान पर जीते जाते हैं.’

‘इंग्लैंड ने भी नैतिक जीत का दावा किया था’
ऑस्ट्रेलियाई वेबसाइट ने लिखा है कि जब ब्रिटेन में इस साल ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज अपने नाम की थी, तो उस वक्त इंग्लैंड ने भी कथित नैतिक जीत का दावा किया था. कैफ की तरह ब्रिटिश बल्लेबाज जो रूट ने कहा था कि पेपर पर उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया से ज्यादा बेहतर थी.

अब हकीकत को स्वीकार करना चाहिए: गौतम गंभीर
इस पूरे विवाद पर गौतम गंभीर की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टीम का पक्ष लेते हुए एक चैनल से बातचीत में कहा, ‘बहुत लोगों को ये अच्छा नहीं लगेगा. मैंने कई एक्सपर्ट्स को ये कहते सुना कि सर्वश्रेष्ठ टीम ने इस बार वर्ल्ड कप नहीं जीता है. ये बिल्कुल सच नहीं है. ईमानदारी से सोचिए, ऑस्ट्रेलिया ही सबसे बेहतरीन टीम थी जिसने विश्व कप जीता.’

गंभीर ने कहा, ‘भारतीय टीम ने 10 मैच जीते और बहुत अच्छे फॉर्म में थी, इसलिए वो फेवरेट भी थी. लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने भी दो मैच हारने के बाद लगातार आठ मैच जीते. सबसे अच्छी टीम ही वर्ल्ड कप जीतती है. आप इसे इस तरह से परिभाषित नहीं कर सकते हैं कि भारत ने 10 मैच जीते और बस एक मैच में खराब प्रदर्शन किया. सेमीफाइनल और फाइनल नॉकआउट मैच होते हैं. इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप लीग स्टेज में चौथे नंबर पर रहे या पहले नंबर पर.’

गंभीर ने कहा, ‘आठ लीग मैच में से छह लीग मैच जीतना फिर भी आसान है लेकिन दो में से दो मैच जीतना जहां आपको पता है कि एक गलती बहुत भारी पड़ सकती है, मुश्किल है. चलिए स्वीकर कर लीजिए कि सबसे बेहतरीन टीम ने ही वर्ल्ड कप जीता है. भारत ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और हमें इस हकीकत से नहीं भागना चाहिए.’ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने लिखा कि कुछ समय बाद क्रिकेटरों की सारी कॉन्सपिरेसी थ्योरीज भुला दी जाएंगी और अंत में ऑस्ट्रेलिया ही वर्ल्ड कप विनर के रूप में याद रखी जाएगी.

Latest articles

महिला आरक्षण के समर्थन में कांग्रेस का पैदल मार्च: भोपाल में निकाली रैली, जीतू पटवारी बोले- विधानसभा में करेंगे महिला आरक्षण की मांग

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला आरक्षण के मुद्दे पर सियासी संग्राम तेज...

भोपाल के अन्ना नगर गार्बेज स्टेशन में भीषण आग: 25 टन कचरा और रिसाइक्लिंग सामग्री खाक

भोपाल। राजधानी के अन्ना नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन में शनिवार देर रात लगी...

ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर भोपाल पुलिस सख्त: अप्रैल माह में वसूला 11 लाख से अधिक का जुर्माना

भोपाल। राजधानी की सड़कों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के...

भोपाल में भीषण गर्मी का कहर: नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों में 30 अप्रैल तक छुट्टी

भोपाल। राजधानी भोपाल में सूर्यदेव के तल्ख तेवरों और लगातार बढ़ रहे तापमान ने...

More like this

कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में DBT प्रायोजित व्याख्यान श्रृंखला संपन्न: जैव प्रौद्योगिकी के भविष्य पर हुई चर्चा

भोपाल। भारत सरकार के बायोटेक्नोलॉजी विभाग (DBT) के सहयोग से भोपाल के कॉर्पोरेट इंस्टीट्यूट ऑफ...

बीएचईएल स्पोर्ट्स क्लब में 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ

भोपाल। 8वीं मप्र राज्य मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ भेल खेल प्राधिकरण बैडमिंटन कोर्ट, बरखेड़ा...