नई दिल्ली,
दिल्ली-NCR में कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है. कोरोना की नोएडा में भी एंट्री हो गई है. कोरोना संक्रमित मरीज नेपाल से लौटा था. वह नोएडा के सेक्टर-36 का रहने वाला है. 44 साल का मरीज दिल्ली से सटे गुरुग्राम की एमएनसी में काम करता है. स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लेकर जीनोम सिक्वेंसिंग की जांच के लिए भेज दिए हैं.
वहीं, गाजियाबाद में लगातार दूसरे दिन कोरोना का केस सामने आया है. विजयनगर में रहने वाले 36 साल के युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है. गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग कोविड संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान और उनकी जांच में जुटा है. साथ ही संक्रमित मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जा रहे हैं.
राजस्थान में कोरोना के नए सब-वैरिएंट के 2 और मामले सामने आए हैं. अब राज्य में कोरोना के नए सब-वैरिएंट के 4 मरीज हो गए हैं. इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए एडवाइजरी जारी की है. राजस्थान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग ने लोगों को हल्की सर्दी, खांसी, बुखार या गले में खराश होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी है. एक आधिकारिक ने बताया कि बुधवार को जैसलमेर में जेएन.1 सब-वेरिएंट के दो कोविड मामले सामने आए थे. जबकि गुरुवार को जयपुर में इसी सब-वेरिएंट के दो और मामले सामने आए हैं. बयान में कहा गया है कि एक मरीज झुंझुनू का निवासी है, जबकि दूसरा भरतपुर का रहने वाला है.
