नई दिल्ली
लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां जोरों पर हैं। बीजेपी और कांग्रेस समेत सभी दलों ने इसके लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसमें बीजेपी की अगुआई में NDA और कांग्रेस के साथ वाले I.N.D.I.A अलायंस की मुख्य टक्कर होनी है। हालांकि, हर किसी के मन में एक सवाल है। NDA या I.N.D.I.A अलायंस दोनों में कौन जीतेगा। इसे लेकर एबीपी ने सी-वोटर से सर्वे कराया है। इसमें बीजेपी भारी बहुमत के साथ तीसरी बार केंद्र की सत्ता में काबिज होते दिख रही है। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A उसके आसपास भी नहीं है। सर्वे में उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत में बीजेपी मजबूत स्थिति में दिखाई गई है। लेकिन, दक्षिण भारत में उसे झटका लगते दिख रहा है। एबीपी सी-वोटर का सर्वे पिछले दो दिन यानी शनिवार और रविवार से चल रहा है। इसमें राज्यों के साथ क्षेत्रवार सीटों के गणित के बारे में बताया गया है। आइए, यहां देखते हैं कि सर्वे में किसे कितनी सीटें दी गई हैं।
कुल सीट, 543
| गठबंधन | सीट |
| NDA | 295-335 |
| I.N.D.I.A | 165-205 |
| अन्य | 35-65 |
सर्वे के अनुसार, उत्तर भारत की 180 सीटों में से बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए 150 से 160 सीट पा सकता है। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A को 20-30 सीट मिलने के आसार हैं। इसके अलावा अन्य को 0-5 सीट हासिल हो सकती हैं। कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान के पोल में बीजेपी को कुल 110 सीटों में 82 से 92 सीटों पर जीतते दिखाया गया है। दूसरी तरफ कांग्रेस के खाते में 13-23 और अन्य के खाते में 4-6 सीट मिलने का अनुमान है। महाराष्ट्र, तेलंगाना और पंजाब में कांग्रेस बेहतर करती नजर आ रही है। वहीं, बंगाल में टीएमसी और बिहार में महागठबंधन शानदार प्रदर्शन करता दिख रहा है।
