रियाद:
स्मृति इरानी की इस्लाम के पवित्र स्थानों में से एक मदीना शहर की ऐतिहासिक यात्रा पर बवाल मचा हुआ है। मुस्लिम कट्टरपंथियों ने पहले ही इसे इस्लाम की तौहीन बताकर निशाना साधा है। कई कट्टरपंथियों ने सोशल मीडिया में स्मृति इरानी की मदीना यात्रा को लेकर सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद पर भी हमला बोला है। अब इन आलोचकों की सूची में पाकिस्तान में लाल टोपी के नाम से कुख्यात जैद हामिद का नाम भी शामिल हो गया है। हिंदू और भारत का कट्टर विरोधी जैद हामिद ने स्मृति इरानी के मदीना में मस्जिद अल नबवी के दौरे को लेकर जमकर जहर उगला है। उसने एक वीडियो जारी कर न सिर्फ हिंदुओं के खिलाफ बयानबाजी की, बल्कि मुस्लिमों को सऊदी अरब के खिलाफ बगावत के लिए उकसाया।
मस्जिद अल नबवी को लेकर सऊदी अरब को धमकाया
जैद हामिद ने अपने बयान में कहा, “सबसे ज्यादा रुहानी तकलीफ मुझे जिस बात की हुई, वह यह कि पिछले दिनों सऊदी हूकुमत ने भारत से हिंदू मुशरिकों और सिखों… को बुलाकर मस्जिद अल नबवी का दौरा करवाया।…मस्जिद अल नबवी शरीफ सिर्फ सऊदियों के बाप की तो नहीं है। ये तो पूरी उम्मत की अमानत है। पूरी मुसलमान दुनिया खामोश क्यों है। किसी ने सऊदियों को चैलेंज क्यों नहीं किया। कोई मुसलमान दुनिया में आलमे-दीन भी नहीं है, जो खड़े होकर चैलेंज करे कि ये जुल्म तुम क्यों कर रहे हो या तुम ऐसा कैसे कर सकते हो। तुम्हें इसका हक नहीं है। तुम अल्लाह के खिलाफ जा रहे हो।
सऊदी अरब के खिलाफ बगावत को भड़काया
लाल टोपी जैद हामिद नहीं नहीं रुका। उसने आगे कहा, ” हम अल्लाह के नाम पर पूरी दुनिया में तूफान बरपाते रहते हैं। पाकिस्तान में भी ऐसे-ऐसे हंगामे किए गए कि जनाब! फ्रांस के राजदूत को निकालो, तो ये कर दो, तो वो कर दो। जरा थोड़ा सा करें न सऊदियों के खिलाफ भी। जरा निकाले ना उनके राजदूत को भी बाहर। क्या हमारे लिए व्यापार और आर्थिक जरूरतों ज्यादा बड़ी हो गई हैं। क्या हम सिर्फ इसलिए चुप रहे कि हमारे लोग वहां नौकरियां करते हैं और हमें उनसे पैसा मिलता है। तो ठीक है, इंतजार करो अल्लाह के हुक्म का। जब तुम्हारे ऊपर गजा जैसी बमबारी होगी तो शिकायत मत करना।
कौन है जैद हामिद
जैद हामिद खुद को पाकिस्तानी डिफेंस एक्सपर्ट बताता है। वह एक घोर कट्टरपंथी, इस्लामी पोलिटिकल कमेंटेटर और प्रॉपगैंडा एक्सपर्ट है। यह पाकिस्तानी सेना का भी कट्टर समर्थक है। जैद हामिद को टीवी पर अक्सर लाल टोपी पहनकर पाकिस्तानी सेना के समर्थन में डींगे हांकते हुए देखा जा सकता है। जैद हामिद का पूरा नाम सैयद ज़ैद ज़मान हामिद है। वह एक घोर कट्टरपंथी, इस्लामी पोलिटिकल कमेंटेटर और प्रॉपगैंडा एक्सपर्ट है। दुनियाभर के प्रभावशाली मुसलमान हस्तियों की लिस्ट जारी करने वाले ‘मुस्लिम 500’ की सूची में भी जैद हामिद का नाम शामिल है। जैद हामिद का जन्म एक पाकिस्तानी सेना के अधिकारी के घर हुआ था। उनकी मां कश्मीरी मूल की थीं।
