बेंगलुरु,
भारतीय टीम और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. जिसका तीसरा यानी आखिरी मैच आज बेंगलुरु में खेला जा रहा है. मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट 212 रन बनाए. अब अफगान टीम के सामने 213 रनों का टारगेट है.मैच में एक समय भारतीय टीम ने 22 रनों पर 4 विकेट गंवा दिए थे. यशस्वी 4 रन बनाकर आउट हुए. जबकि विराट कोहली पहली बॉल पर ही पवेलियन लौट गए. शिवम दुबे (1) और संजू सैमसन (0) भी आउट. मगर इसके बाद रोहित शर्मा ने रिंकू सिंह के साथ मिलकर पारी को संभाला और 5वें विकेट के लिए 95 गेंदों पर 190 रनों की साझेदारी की.
रोहित बने शतकों के बादशाह
इसके बाद रोहित शर्मा ने 64 गेंदों पर शतक जड़ते हुए एक बार फिर इतिहास रच दिया. वो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 5 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. इसके बाद रिंकू सिंह ने भी टी20 इंटरनेशनल में अपनी दूसरी फिफ्टी जमाई.उन्होंने 36 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की. मैच में रोहित ने 69 गेंदों पर नाबाद 121 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 8 छक्के और 11 चौके लगाए. दूसरी ओर रिंकू ने 39 गेंदों पर 69 रनों की नाबाद पारी खेली. उन्होंने 6 छक्के और 2 चौके जमाए.
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतकों का रिकॉर्ड
5 – रोहित शर्मा
4 – सूर्यकुमार यादव
4 – ग्लेन मैक्सवेल
ऐसे गिरे भारतीय टीम के विकेट
पहला विकेट: यशस्वी जायसवाल (4), विकेट- फरीद अहमद (18/1)
दूसरा विकेट: विराट कोहली (0), विकेट- फरीद अहमद (18/2)
तीसरा विकेट: शिवम दुबे (1), विकेट- अजमतुल्लाह उमरजई (21/3)
चौथा विकेट: संजू सैमसन (0), विकेट- फरीद अहमद (22/4)
रोहित ने सीरीज में खाता खोला
रोहित ने सीरीज में पहली बार खाता खोला है. उन्होंने तीसरे मैच में अपनी 7वीं बॉल पर एक रन लेकर खाता खोला. इससे पहले उनके बैट से चौका भी लगा था, लेकिन अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने उसे लेग बाय का चौका करार दिया था. बता दें कि रोहित सीरीज के पहले दोनों मुकाबलों में बगैर खाता खोले आउट हुए थे.
रोहित शर्मा की कप्तानी में यदि आज तीसरा मैच भी जीतते हैं, तो भारतीय टीम सीरीज में अफगानिस्तान को 3-0 से क्लीन स्वीप कर देगी. शुरुआती दोनों मैच जीतकर भारतीय टीम ने सीरीज पर 2-0 से पहले ही कब्जा जमा लिया है. भारतीय टीम को इसी साल जून में टी20 वर्ल्ड कप भी खेलना है. इससे पहले भारत की यह आखिरी टी20 सीरीज भी है. इस लिहाज से यह आखिरी मुकाबला भी है.
