नई दिल्ली ,
दिल्ली में कोहरे और शीतलहर का प्रकोप जारी है. हालांकि आज सुबह कोहरा छंटने से और धूप निकलने से लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है. राजधानी दिल्ली में कई दिनों से छाए घने कोहरे की वजह से ट्रेनों की आवाजाही पर काफी असर पड़ा है. विजिबिलिटी कम होने के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, 31 जनवरी तक दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कोहरे की स्थिति जारी रहेगी. वहीं आने वाले 4-5 दिनों तक इन राज्यों में गंभीर कोल्ड डे की स्थिति भी बनी रहेगी.
खराब मौसम के चलते लेट चल रही ट्रेनें
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर खराब मौसम के चलते आज यानी 27 जनवरी को कई ट्रेनें घंटो-घंटो की देरी से चल रही हैं. इन ट्रेनों के लेट चलने के कारण इनमें सफर कर रहे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. रेलवे प्रशासन की जानकारी के अनुसार, आज भी करीब 33 ट्रेनें देरी से चल रही हैं.
ट्रेन लेट होने के कारण एक यात्री प्रिंस ने बताया कि मैं परिवार के साथ आगरा जा रहा हूं और कई ट्रेनें 3 से 4 घंटे लेट चल रही हैं, जिसकी वजह से हमें बहुत परेशानी हो रही है. वहीं ट्रेन अगर लेट होती है तो अलर्ट या मैसेज भी नहीं मिलता.
दिल्ली का तापमान
IMD के मुताबिक, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
