नई दिल्ली,
आज यानी 13 फरवरी को किसानों के ‘दिल्ली चलो’ मार्च की वजह से सभी बॉर्डर सील कर दिए गए हैं. देर रात तक केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच बैठक चली. सरकार ने आंदोलन पर अड़े अन्नदाताओं को समझाने की हर संभव कोशिश की लेकिन 5 घंटे से ज्यादा चली बैठक भी बेनतीजा रही. उसके बाद किसान नेताओं ने आर-पार की जंग का ऐलान करते हुए कह दिया कि दिल्ली कूच होकर रहेगा. किसानों के आंदोलन को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
किसानों के आंदोलन के देखते हुए, सुरक्षा कारणों से दिल्ली के लाल किला को आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है. साथ ही, लाल किला के मेन गेट पर कई लेयर की बेरिकेडिंग की गई है. लाल किला के गेट पर बस और ट्रक खड़ी कर दी गई है जिससे कोई गाड़ी अंदर दाखिल न हो पाए. वहीं, केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के शास्त्री भवन वाले गेट को भी सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है. साथ ही, पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर भी ताला लटका दिया गया है.पटेल चौक मेट्रो स्टेशन और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के साथ-साथ दिल्ली के कुछ और मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद कर दिए गए हैं.
