नई दिल्ली,
दिल्ली में इस समय किसानों का विरोध प्रदर्शन चल रहा है, जिसकी वजह से राजधानी की सभी बॉर्डर को सील किया गया है. किसान आंदोलन के कारण काफी ट्रैफिक जाम लगा है. ऐसे में लोग समय बचाने के लिए मेट्रो से सफर कर रहे हैं, जिसकी वजह से दिल्ली मेट्रो के नाम एक नया रिकॉर्ड दर्ज हुआ है. हाल ही में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने एक ट्वीट जारी करते हुए इस बात की जानकारी दी है.
दिल्ली मेट्रो के नाम दर्ज हुआ रिकॉर्ड
डीएमआरसी ने एक आंकड़ा जारी करते हुए बताया कि मंगलवार यानी 13 फरवरी को करीब 71.09 लाख यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो में सफर करके एक नया रिकॉर्ड कायम किया है. इससे पहले सितंबर 2023 में 71.03 लाख यात्रियों ने दिल्ली की मेट्रो में सफर किया था, लेकिन अब ये रिकॉर्ड टूट गया है. डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ये जानकारी शेयर की है.
दिल्ली मेट्रो को राष्ट्रीय राजधानी की लाइफलाइन कहा जाता है. रोजाना इसमें 50 लाख से भी ज्यादा लोग सफर करते हैं. दिल्ली मेट्रो पूरे दिल्ली एनसीआर को जोड़ती है, जिसमें नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद भी आते हैं.
मेट्रो के सभी गेट खुले
बता दें कि किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते दिल्ली प्रशासन ने 13 फरवरी को दिल्ली मेट्रो के 9 स्टेशनों के गेट बंद कर दिए थे ताकि यात्रियों के प्रवेश और निकास को नियंत्रित किया था. इस वजह से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था. इसी बीच डीएमआरसी की तरफ से ये जानकारी दी गई है कि दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशनों के गेट खोल दिए गए हैं.
