नई दिल्ली
शराब नीति घोटाले के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आप नेता संजय सिंह और मनीष सिसोदिया को आज कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दरअसल कोर्ट ने दोनों की हिरासत को आगे बढ़ा दिया है। आज दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को दिल्ली के एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। जहां पर उनकी न्यायिक हिरासत पर सुनवाई करते हुए स्पेशल जज एमके नागपाल ने दोनों की न्यायिक हिरासत को आगे बढ़ा दिया है। कोर्ट के इस आदेश के बाद अब संजय सिंह और मनीष सिसोदिया 28 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे।
आज खत्म हो रही न्यायिक हिरासत
दरअसल जब 3 फरवरी को कोर्ट संजय सिंह और मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत बढ़ाई थी तो उसके अनुसार दोनों की न्यायिक हिरासत आज खत्म हो रही थी। इसी वजह से आज कोर्ट में दोनों को पेश किया गया जहां जज एमके नागपाल ने दोनों आप नेताओं की न्यायिक हिरासत को बढ़ा दिया। बता दें कि मनीष सिसोदिया पर दिल्ली आबकारी नीति में घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने नीति में बदलाव कर कुछ निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाया है। वहीं संजय सिंह पर भी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं।
भतीजी की शादी के लिए जेल से बाहर आए थे सिसोदिया
बता दें कि कुछ दिन पहले ही दिल्ली कोर्ट ने दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को भतीजी की शादी में जाने के लिए अंतरिम जमानत दी थी। कोर्ट ने उन्हें 13 से 15 फरवरी को तीन दिन के लिए लखनऊ जाने की इजाजत दे दी थी। हालांकि मनीष सिसोदिया ने कोर्ट में पांच दिन की जमानत याचिका डाली थी।
क्या है शराब नीति घोटाला
नवंबर 2021 में, दिल्ली सरकार ने अपनी नई आबकारी नीति पेश की, जिसके तहत शराब की कीमतों में कमी और रिटेलर्स को डिस्काउंट देने की अनुमति शामिल थी। यह नीति शराब के कारोबार में क्रांति लाने का दावा करती थी।लेकिन, जल्द ही भाजपा ने नीति में धांधली और चुनिंदा डीलर्स को लाभ पहुंचाने के आरोप लगाए। जुलाई 2022 में, उपराज्यपाल ने मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगी और रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई जांच को मंजूरी दे दी।
